लखनऊ से सहारनपुर का सफर होगा आसान : एक नहीं चार वंदे भारत ट्रेनों को लांच करेंगे पीएम मोदी
लखनऊ, अमृत विचार : यूपी की राजधानी लखनऊ से सहारनपुर का सफर अब और आरामदायक होगा। शनिवार से लखनऊ-सहारनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा की शुरूआत होने जा रही है। वंदे भारत ट्रेन से करीब 700 किलोमीटर दूरी की यह यात्रा महज 7 घंटे 45 मिनट में पूरी होगी। जिससे यात्रा में लगने वाला समय भी पहले की अपेक्षा कम होगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार सुबह वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को झंडी दिखाएंगे। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। प्रमुख स्थानों के बीच इन ट्रेनों के चलने से यात्रा का समय कम होगा। ये ट्रेनें पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि लखनऊ जं. स्थित प्लेटफार्म नंबर 6 (कैबवे साइड) पर सुबह एक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी विडियो कांफ्रेसिंग के जरिये लखनऊ-सहारनपुर नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की बचत होगी। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को बहुत लाभ होगा, साथ ही रुड़की होते हुए हरिद्वार तक उनकी पहुंच भी बेहतर होगी।
उन्होंने बताया कि लखनऊ जं. से सहारनपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन संख्या 26504 सप्ताह में छः दिन (सोमवार को छोड़कर) संचालित होगी। यह लखनऊ जं. से सुबह 5 बजे प्रस्थान करेगी। उसके बाद सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीमाबाद, रुड़की होते हुये 12:45 पर सहारनपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी की यात्रा में गाड़ी संख्या 26503 वंदे भारत सहारनपुर रेलवे स्टेशन से दोपहर बार 3 बजे प्रस्थान कर रुड़की होते हुये नजीमाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर होकर रात 11 बजे लखनऊ जं0 पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें : रेलवे का चला बुलडोजर : 20 से अधिक दुकानें और झोपड़ियां जमींदोज
