पुलिस मुठभेड़: मकान में चोरी करने वाले दो बदमाशों को पैर में लगी गोली...एक नाबालिग भी गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। पुलिस और चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस पर हमलावर हुए दो चोरों को मुठभेड़ के दौरान पैर में लोगी लगी। वहीं एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया। बड़ी तादाद में चोरी का माल इनके पास से मिला। घायल बदमाशों को पुलिस ने अस्पताल भेजा। नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीती 30 अक्टूबर को थाना क्षेत्र सुभाषनगर की ग्रीनवैली कॉलोनी में भोजराज सिंह के मकान में चोरों ने उत्पात मचाया था। मकान मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया और गठित टीमों ने चोरों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार तड़के फतेहपुर से इटौवा जाने वाले मार्ग पर चोरों के होने की सूचना पुलिस को मिली। बताया जा रहा है कि ये चोर यहां चोरी के माल का बंटवारा कर रहे थे।
खबर लगते ही पुलिस ने चोरों की घेराबंदी की थी उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में अंशुल सक्सेना निवासी शांति विहार थाना सुभाषनगर को दाहिने पैर में और कुलदीप यादव रविंदर नगर थाना सुभाषनगर को बायें पैर में गोली लगी। साथ ही एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास से नकदी, जेवर और हथियार आदि बरामद किए गए।
