Bareilly: जंक्शन पहुंची लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत...बरेली को तीसरी सेमी हाईस्पीड ट्रेन मिलने का दिखा उत्साह 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लंबे इंतजार के बाद शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस लखनऊ से बरेली जंक्शन पहुंची। सांसद छत्रपाल गंगवार, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मी और यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बरेली वासियों को वंदे भारत ट्रेन की बड़ी सौगात दी है। इस ट्रेन से सफर आसान होगा और लोग कम समय में लखनऊ और सहारनपुर की दूरी तय कर सकेंगे। जंक्शन के प्लेटफॉर्म चार पर रेलवे की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडाल लगाया गया। जहां रेल अधिकारियों के साथ भाजपा नेता मौजूद रहे। यह ट्रेन बरेली से लखनऊ की 250 किलोमीटर की दूरी महज साढ़े तीन घंटे में तय करेगी।

समय सारिणी जारी
26503 सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह सहारनपुर से अपराह्न 3 बजे चलने के बाद 3:45 बजे रुड़की, शाम 4:40 बजे नजीबाबाद, 6:10 बजे मुरादाबाद, 7:33 बजे बरेली पहुंचेगी। 8:38 बजे शाहजहांपुर, 9:50 बजे सीतापुर और रात 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

वंदे भारत एक्सप्रेस की खासियत
बरेली जंक्शन के सीएमआई मोहम्मद इमरान ने बताया कि वंदे भारत में ऑटोमेटिक स्लाइट डोर हैं। फुट रेस्ट भी है, जो स्टेशन पर बाहर निकलता है। यात्रियों की सुविधा के लिए हर सीट के नीचे चार्जिंग प्वाइंट्स भी दिए गए हैं। 32 इंच की टीवी स्क्रीन भी है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए फायर सेंसर, जीपीएस और कैमरे भी लगाए गए हैं। ट्रेन में कवच नाम का सेफ्टी फीचर भी है, जो इसे किसी दूसरे ट्रेन की टक्कर से बचाता है। दिव्यांग का पूरा ध्यान रखते हुए सीट हैंडल्स पर ब्रेल लिपि में भी सीट नंबर लिखा है। जिसे 180 डिग्री रोटेट किया जा सकता है। ट्रेन की टॉप स्पीड 180 किमी तक है।

संबंधित समाचार