Moradabad : बदलते मौसम में डेंगू और चिकनगुनिया से रहें सावधान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बदलते मौसम ने जहां ठंडक का एहसास दिलाना शुरू कर दिया है, वहीं इससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। जिले में डेंगू, चिकनगुनिया और स्क्रब टायफस जैसी संक्रामक बीमारियों के मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 31 और मलेरिया के 64 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। चिकित्सकों का कहना है कि नमी और तापमान का संतुलन मच्छरों और कीटों के प्रजनन के लिए अनुकूल होता है, जिससे इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया एडीज मच्छर के काटने से फैलते हैं, जो साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। डेंगू के मरीजों में तेज बुखार, तीव्र सिरदर्द, बदन दर्द, और प्लेटलेट्स की कमी जैसे लक्षण देखे जाते हैं। चिकित्सक सलाह दे रहे हैं कि लोग घरों में और आसपास पानी न जमने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि इन बीमारियों से बचाव के लिए सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छता है। उन्होंने कहा कि लोगों को घरों के आस-पास गमलों, कूलरों और टंकियों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। साथ ही मच्छरों से बचाव के उपाय जैसे रिपेलेंट्स और मच्छरदानी का प्रयोग नियमित रूप से करना चाहिए।

संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों को गंभीर होने से पहले नियंत्रित किया जा सकता है।

स्क्रब टायफस के मामले भी सामने आ रहे
डेंगू और मलेरिया के साथ-साथ स्क्रब टायफस के मामले भी सामने आ रहे हैं। यह बीमारी संक्रमित घुन के काटने से फैलती है, जो झाड़ियों और घास में पनपता है। स्क्रब टायफस के लक्षणों में तेज बुखार, त्वचा पर लाल चकत्ते, लिम्फ नोड्स की सूजन और कमजोरी शामिल हैं। चिकित्सकों ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे झाड़ियों में काम करते समय सतर्क रहें और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें।

संबंधित समाचार