UP: गुजरात एटीएस ने पकड़ा सिंगाही का सुहेल...ISIS से जुड़े तार, मां बोली झूठा फंसाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिंगाही, अमृत विचार। गुजरात राज्य के बनासकांठा में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) के हत्थे कस्बे के वार्ड नंबर एक झाला निवासी सुहेल भी लगा। यह खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस बीच रविवार शाम स्थानीय पुलिस आरोपी के घर पर पहुंची और पूछताछ की। साथ ही घर की तलाशी भी ली। इधर, आरोपी की मां रुकसाना ने बताया कि उनका बेटा आतंकवादी नहीं है, उसे गलत फंसाया गया है। वह मुजफ्फरनगर में रबी पढ़ने गया था। बीते जून में वह बकरीद पर घर आया था। उन्हें फोन पर यह सूचना मिली तो पिता बेहोश होकर गिर गए और पूरा परिवार सदमे में आ गया।

एसओ सिंगाही अजीत कुमार ने बताया कि उन्हें टीवी चैनल से सिंगाही के वार्ड नंबर एक निवासी सुहेल (23) के गुजरात में पकड़े जाने की सूचना मिली है। उस पर आरोप है कि आईएसआईएस से जुड़े डॉक्टर को हथियार सप्लाई करता था। उसके साथ शामली निवासी आजाद सुलेमान शेख (20) को और अहमदाबाद से डॉ. मोहियुद्दीन सैयद (35) को भी गिरफ्तार किया गया है। सुहेल के देश विरोधी गतिविधियों में गिरफ्तार होने की खबर जब वायरल हुई तो जिले में हड़कंप मच गया।

ट्रैक्टर मिस्त्री सलीम का बेटा है सुहेल
आरोपी सुहेल कस्बे के वार्ड संख्या एक निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री सलीम का मझला बेटा है। उसके बड़े भाई सुम्मी खां तमिलनाडु में कपड़ों का व्यापार करते हैं, जबकि छोटा भाई वसीम स्थानीय स्तर पर एसी मरम्मत का काम करता है। परिवार वालों के मुताबिक सुहेल करीब तीन वर्ष पहले हाफिज की तालीम के लिए मुजफ्फरनगर गया था और बीच-बीच में घर आता-जाता रहा। परिवार ने बताया कि वह करीब बकरीद पर घर आया था और एक सप्ताह पहले गुजरात गया था।

पुलिस ने परिवार से की पूछताछ, निगरानी बढ़ाई
एसओ अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी के परिवार से पूछताछ की गई है और सामान्य सतर्कता के तहत निगरानी बढ़ाई गई है। आगे की कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को साझा न करें और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचें।

 

संबंधित समाचार