Amroha: गुब्बारे में गैस भरते समय तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, बच्चे की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। गुब्बारों में गैस भरते समय अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। गुब्बारे खरीद रहे बच्चे घायल हो गए जबकि एक बच्चे की मौत हो गई। गुब्बारे बेचने वाला व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके की तरफ दौड़े। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नौगावां सादात कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे गैसे के गुब्बारे बेचने वाला आया। मोहल्ले के फरमान का 5 वर्षीय बेटा अली रजान गुब्बारा लेने के लिए पहुंचा। इसके अलावा दो और बच्चे वहां पहुंचे। गुब्बारे बेचने वाला व्यक्ति सिलेंडर से गुब्बारों में गैस भर रहा था, तभी तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 

आवाज सुनकर लोग मौके की तरफ दौड़े। 5 वर्षीय अली रजान की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य बच्चा और गुब्बारे बेचने वाला व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फटने से एक बच्चे की मौत हुई है। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है। फिर भी जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार