Bareilly: अनुशासन और मेहनत से पाया मुकाम...रोज अप-डाउन कर पढ़ने वाले छात्र बने टॉपर
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में जिन 94 टॉपरों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा, उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से इस मुकाम को हासिल किया है। कोई तो रोजाना कई किलोमीटर घर से दूर पढ़ने जाता था। किसी ने गुरुओं के मार्गदर्शन को इसका श्रेय दिया। कुछ टॉपर्स ने अपनी सफलता की कहानी साझा की।
94 टॉपर्स की सूची में सबसे अधिक प्राप्त करने वाली खुशनुमा ने विश्वविद्यालय परिसर से एमसीए में 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। मुरादाबाद की रहने वाली खुशनुमा ने एमसीए की पढ़ाई रोजाना अप-डाउन कर पूरी की। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन में यह मुकाम हासिल किया। वह आगे अब कंप्यूटर साइंस में पीएचडी करेंगी।
अमरोहा की ख्याति गुर्जर वर्तमान में लुधियाना के गुरुकुल में अध्यापन कार्य कर रही हैं। हिंदू कॉलेज की छात्रा ने एमए संस्कृत में 90.30 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने संस्कृत विषय में अपनी लगन और गुरुजनों के स्नेह से यह सफलता पाई है। आगे संस्कृत में ही पीएचडी करेंगी। वह गोल्ड मेडल मिलने पर बहुत खुश है।
शाहजहांपुर के हर्षित पांडेय ने विश्वविद्यालय परिसर से बीटेक केमिकल इंजीनियरिंग में 90.70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने नौकरी के साथ पढ़ाई को संतुलित कर यह उपलब्धि हासिल की। वह प्रतिदिन अप-डाउन कर कक्षाओं में उपस्थित रहते थे। बी टेक की पढ़ाई में उनकी विभाग के अध्यापक और सहपाठियों ने काफी मदद की।
रुदांश त्रिवेदी शाहजहांपुर से हैं। उन्होंने स्वामी सुखदेवानंद कालेज से बीएससी में 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया है। वह अब जेएनयू दिल्ली में एमएससी कर रहे हैं। उनका आगे पीएचडी करने का लक्ष्य हैं। वह इस मुकाम पर पहुंच कर बहुत खुश हैं।
पीलीभीत की प्राची रावत ने बीएससी गृह विज्ञान में अपने अनुशासन और नियमित अध्ययन से 81.04 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। पीलीभीत के पुष्प इंस्टीट्यूट से पढ़ाई की है। रोज कॉलेज जाकर नोट्स बनाए, जिससे पढ़ाई में मदद मिली। अभी एमएससी गृह विज्ञान कर रही हैं।
पूरनपुर की श्रेया खंडेलवाल ने बीकॉम में 80.70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मुकाम हासिल किया। पूरनपुर के लक्ष्य एकेडमी से पढ़ाई की है। रोज 6 से 7 घंटे पढ़ाई की। वह आगे एमबीए करेंगी।
