लखनऊ: केजीएमयू की कुलपति भी ओपीडी में देखेंगी मरीज
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद अब मरीजों को देखेंगी। कुलपति हिमैटोलॉजी विभाग की ओपीडी में हर बुधवार को बोनमैरो ट्रांसप्लांट और गंभीर खून की बीमारियों से पीड़ितों को देखेंगी। इसकी शुरुआत बुधवर से की गई है।
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि कुलपति प्रत्येक बुधवार को हिमैटोलॉजी विभाग की ओपीडी में गंभीर मरीजों को सलाह देंगी। इसकी औपचारिक शुरुआत बुधवार को हुई। पहले दिन कुलपति ने खून की गंभीर बीमारी से पीड़ितों को इलाज मुहैया कराया। करीब 10 मरीज उन्होंने देखा। उन्होंने कहा कि रक्त विकारों जैसे ल्यूकेमिया, एनीमिया, थैलेसीमिया और अन्य जटिल रोगों से जूझ रहे मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं मिलें। हिमैटोलॉजी विभाग के माध्यम से मरीजों को आधुनिक जांच, इलाज एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल से गंभीर रक्त विकारों से पीड़ित मरीजों को समय पर राहत और बेहतर उपचार मिलेगा।
