Rampur: नैनीताल हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
रामपुर/बिलासपुर, अमृत विचार। बिलासपुर में नैनीताल हाईवे किनारे पलटी ट्रैक्टर-ट्राली से बचने के चक्कर में अज्ञात वाहन ने मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक सवार को रौंद दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव मुल्लाखेड़ा निवासी 24 वर्षीय गुरुप्रीत सिंह पेशे से किसान थे। मंगलवार को बाइक से किसी काम से बिलासपुर गए थे। वहां से वापस आते समय नैनीताल हाईवे स्थित नवीन मंडी के पास पलटी ट्रॉली को बचाने के चक्कर में पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन भी अस्पताल पहुंचे। शव को देखकर रोना पीटना शुरू कर दिया। दोपहर को पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव को पुलिस के हवाले कर दिया।
तीन भाइयों में सबसे छोटा गुरुप्रीत
बेटे की मौत होने के बाद परिजन भी सकते में आ गए है। तीन भाइयों में गुरुप्रीत सबसे छोटा होने के कारण सभी का लाडला भी था। हालांकि अभी तक उसकी शादी नहीं हुई थी। जैसे की गुरुप्रीत के मरने की जानकारी रिश्तेदारों को पता चली तो वह भी घर की ओर दौड़ पड़े। सभी लोग शव आने का इंतजार करते रहे। शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
