वसीम बरेलवी ने दुनिया में रोशन किया बरेली का नाम
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके आवास पर पहुंच कर मुलाकात की और हाल-चाल जाना
बरेली, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार की शाम किला के मोहल्ला गढ़ैया स्थित आवास पर मशहूर शायर प्रो. वसीम बरेलवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। अखिलेश ने वसीम बरेलवी की तारीफ करते हुए कहा कि इनसे मिलकर अच्छा लगा। वसीम बरेलवी के आवास पर सपा नेताओं के अलावा समर्थकों की भीड़ लगी रही, लेकिन सूची में नाम होने वाले लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई।
सपा मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार शाम 4:50 बजे शायर प्रो. वसीम बरेलवी के आवास पर पहुंचे। गली पतली होने की वजह से उनकी कार वसीम बरेलवी के घर तक नहीं पहुंच सकी, जिससे वह पैदल ही उनके घर तक पहुंचे। उनके साथ रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी भी मौजूद रहे। वसीम बरेलवी और आंवला सांसद नीरज मौर्य उन्हें रिसीव करने के लिए मुख्य सड़क तक पहुंचे। प्रो. वसीम बरेलवी के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री करीब 45 मिनट तक रुके। इसके बाद जब वह बाहर आए तो मीडिया से बात करते हुए कहा कि वसीम बरेलवी साहब ने बरेली की पहचान देश ही नहीं बल्कि पुरी दुनिया में कराई है। उन्होंने कहा कि उनके एक लाइन के शेर में इतना बड़ा संदेश है कि अगर हम अपना लें तो हमारा समाज एक दूसरे के साथ और मजबूत हो जाएगा। बातचीत के दौरान साहित्य, समाज और मौजूदा हालातों पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने वसीम बरेलवी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने आगे कहा कि बरेली के बवाल के बाद वह शहर आना चाह रहे थे, लेकिन उन्हें आने नहीं दिया। वह जल्द ही शहर के लोगों से मिलेंगे। आगे कहा कि सरकार नौकरी और रोजगार नहीं दे पा रही है। सरकार का नजरिया एक सा होना चाहिए, किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। बिहार चुनाव के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव सरकार बनाने जा रहे हैं।
