रामपुर : बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत पर रामपुर में मना जश्न

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

भाजपाईयों ने ढोल नगाड़ों और मिठाई बांटकर जताई खुशी

रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को बिहार में एनडीए जीत और भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर रामपुर में भाजपाईयों ने जमकर जश्न मनाया। भाजपा के राम विहार स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर ढोल-नगाड़ों की गूंज, रंग-बिरंगी आतिशबाजी हुई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। पार्टी के झंडे लहराते हुए जय भाजपा, जय एनडीए के नारे लगाए।

भाजपा कार्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत विकास और सुशासन की निरंतरता का प्रतीक है। जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और योगदान की भी सराहना की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि परिणाम सिर्फ राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि सुशासन और विकास की निरंतरता का प्रतीक है। एनडीए की बिहार में जीत यह साबित करती है कि जनता विकास को पहचानती है। सुशासन का समर्थन करती है। हमारे कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के अपार विश्वास ने यह संभव किया है। बिहार अब और मजबूती से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि यह जीत जनता के भरोसे की जीत है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल दोगुना हुआ है। पार्टी पदाधिकारियों और सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। जिला प्रभारी राजा वर्मा, पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, अभय गुप्ता, रविंद्र सिंह रवि, हंसराज पप्पू, राकेश सरन मिश्रा, भारत भूषण गुप्ता, जगपाल यादव, मोहन कुमार लोधी, कपिल आर्य, जागेश्वर दयाल दीक्षित, संजय पाठक, प्रमोद कुमार लोधी, मनु सक्सेना आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार