Bareilly : बड़ा भाई बोला, मेरा जिगर का टुकड़ा था शुभम, वीकेंड पर होनी थी मुलाकात
बरेली, अमृत विचार। एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित कार्यालय में सर्विस पिस्टल से माथे पर गोली मारकर जान देने वाले वायु सैनिक शुभम कुमार के बड़े भाई और बरेली में ही सेना तैनात विपिन कुमार ने कहा कि उसका भाई उसके जिगर का टुकड़ा था।
दोनों इस वीकेंड पर मिलने वाले थे, लेकिन पता नहीं किन हालातों में उनसे खुद को गोली मारकर जान दे दी। जान देने से पहले उसकी किसी से फोन पर आधा घंटा बात हुई है। इसके बाद ही उसने जान दी है। उन्होंने कहा कि जिसकी वजह से उसके भाई ने जान दी है, उसे भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उधर, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ ही मृतक वायु सैनिक की काल डिटेल निकलवाकर आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।
शुभम के भाई विपिन ने बताया कि घटना सुबह लगभग 5:30 बजे हुई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने परिजनों को करीब सात बजे सूचना दी। विपिन खुद बरेली में आर्मी में तैनात हैं। जानकारी मिलते ही वह फौरन एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। विपिन ने बताया कि शुभम की एयरफोर्स में भर्ती वर्ष 2020 में हुई थी। उनकी पहली पोस्टिंग बड़ोदरा (गुजरात) में और दूसरी पोस्टिंग बरेली में रही। वर्ष 2024 से वह एयरफोर्स स्टेशन बरेली में तैनात थे। शुभम की अभी शादी नहीं हुई थी।
फरवरी में उनकी बड़ी बहन की शादी तय थी। जबकि, शुभम के बड़े भाई विपिन कुमार भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात हैं। हाल ही में उनकी पोस्टिंग वेस्ट बंगाल से बरेली में हुई थी। गुरुवार को ही दोनों भाइयों की व्हाट्सऐप पर बातचीत हुई थी। वीकेंड पर मिलने का प्लान था। विपिन ने बताया कि दोनों भाई काफी खुश थे, क्योंकि दोनों की पोस्टिंग एक ही शहर में हो गई थी। जनवरी में छुट्टी लेकर बहन की शादी की तैयारियां करने की योजना भी बनी थी।
