रायबरेली : सिरफिरे ने बांके से काटा पत्नी का गला, फिर खुद भी किया सुसाइड, गांव में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव सुरजीपुर निहस्था में एक सिरफिरे युवक ने शुक्रवार की रात बांके से गला काटकर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। उसके बाद खुद भी कमरे के अन्दर छत में लगे हुक से रस्सी के सहारे लटककर जान दे दी। शनिवार को सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पीआरवी को घटना की जानकारी दी।

खीरों पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ सीओ लालगंज और अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण करते हुए परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने दंपती के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

cats

सुरजीपुर निहस्था निवासी भीमराज उर्फ भीखू (32) पुत्र रामनाथ मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। उसका उसकी पत्नी सोनी देवी (28) और मां फूलमती, पिता रामनाथ से आए दिन छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। इसीलिए उसकी माता फूलमती पिता रामनाथ खेतों में छप्पर रखकर रहते थे। 

भीमराज की शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सोनी देवी से कहासुनी हो गई। उसकी ससुराल में शादी होनी है। शुक्रवार को ही वह अपने बच्चों शिवम् (9), शुभी (7) और शिवांश (4) को अपनी ससुराल सेमरपहा गांव छोड़ कर घर लौट आया।

रोज की तरह शुक्रवार की शाम को भी भीमराज के माता-पिता खाना खाकर खेतों में रखे छप्पर के नीचे रहने चले गए। रात में घर के अन्दर बरामदे में सो रही पत्नी सोनी देवी की भीमराज ने बांका से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। सोनी देवी की मौत हो जाने के बाद भीमराज ने बगल के कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटककर जान दे दी। 

cats

प्रातःकाल होते ही भीमराज के माता पिता घर पहुंचे और दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी। दरवाजा न खुलने पर दोनों लोग बेटे बहू को नींद में समझकर वापस खेत की तरफ लौट गए। लगभग एक घंटे बाद फिर घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। कोई उत्तर न मिलने पर माता-पिता ने पड़ोसियों को बताया।

बगल की छत पर चढ़कर देखने से पड़ोसियों को बरामदे की फर्श पर सोनी देवी का बहता हुआ खून दिखाई दिया। पड़ोसी जीने का दरवाजा तोड़कर घर के अन्दर पहुंचे तो सोनी देवी का रक्तरंजित शव देखकर अवाक रह गए। कमरे में भीमराज का फंदे से लटका शव देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पीआरवी को घटना की सूचना दी। 

सीओ लालगंज अमित सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने भी पहुंचकर घटना की बारीकी से जांच की। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दंपति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृतक की मां फूलमती, पिता रामनाथ और बहन श्रीकांती के साथ बच्चे शिवम्, शुभी, शिवांश सहित सभी का रो रोकर बुरा हाल है। 

दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को घटना की गहनता से जांच करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आदेशित किया गया है। तहरीर के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।... संजीव कुमार सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक

संबंधित समाचार