लखीमपुर खीरी: मेडिकल व्यवसायी के घर और दुकान पर नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर की लाखों की लूट
बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद कस्बे में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर शनिवार की शाम 8:30 बजे एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। चार नकाबपोश बदमाशों ने मेडिकल व्यवसायी के घर और दुकान पर धावा बोलकर 1.27 लाख रुपये की नकदी और करीब सात लाख रुपये के जेवर लूट ले गए। इसी बीच मौके पर पहुंचे पीआरडी जवानों के फेंककर डंडा मारने पर बदमाश फायरिंग कर भाग निकले। बदमाशों के चेहरे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। घटना रात लगभग 8:30 बजे की बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत अमेठी के मडेरा गांव निवासी व वर्तमान में सिकंदराबाद में रहने वाले विकास वर्मा मेडिकल एजेंसी का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान की दूसरी मंजिल पर वह परिवार समेत रहते हैं। रात को चारो बदमाश अचानक दुकान में घुसे और अंदर से शटर बंद कर विकास वर्मा को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। लुटेरों ने दुकान से 1.27 लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद बदमाश उन्हें जबरन दुकान के पीछे बने घर में ले गए। घर पर उनकी पत्नी व बच्चे मौजूद थे, जिन्हें बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। लुटेरों ने घर से करीब सात लाख रुपये के जेवरात लूट लिए।
वारदात के दौरान पूरा परिवार दहशत में रहा। दुकानदारों पर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे इसी बीच दो पीआरडी जवान भी मौके पर पहुंच गए। शक होने पर उन्होंने एक बदमाश को जब टोका तो वह भागने लगा। इस पर जवानों ने दौड़ाते हुए फेंककर उसे डंडा मारा तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना के बाद नीमगांव एसओ आदित्य कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित व परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान कराने की कोशिश में जुट गई है। एसओ ने बताया कि पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा। देर रात एसपी संकल्प शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस चौकी से चंद कदमों पर हुई वारदात,
खासबात यह है कि जिस स्थान पर लूट हुई, उससे चंद कदम की दूरी पर ही पुलिस चौकी मौजूद है। वहीं दूसरी ओर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित अमेठी चौराहे पर एक विद्यालय में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था, इसी बीच लुटेरों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। घटना के बाद कस्बे व आसपास के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
हार्ड डिस्क व मोबाइल ले गई पुलिस
जिस मेडिकल एजेंसी में बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की। उसमें सीसीटीवी कैमरे लगे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी का मोबाइल और दुकान में लगे सीसीटीवी की हार्ड डिस्क कब्जे में ली है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण बदमाशों में कानून का कोई खौफ नही है। पुलिस की गश्त न होने और पुलिस की लापरवाह कार्यप्रणाली का फायदा उठाकर बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
