गणना प्रपत्रों को बांटने में तेजी तो आयी पर लक्ष्य अधूरा... 4 दिसंबर की तारीख तक बढाई गई डेट
हेल्प डेस्क से आयी गति, अब 15 दिन में यह कार्य पूरा हो जाने के हैं आसार
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की सख्त हिदायत के बाद गणना प्रपत्रों को मतदाताओं के बीच बांटने में तेजी आयी है। हालांकि लखनऊ समेत राज्य के तमात महानगरों में अब भी लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के मद्देनजर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पूर्व निर्धारित 4 दिसंबर की तारीख से पहले ही 15 नवंबर तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा होने के निर्देश दिए थे। ऐसे में काम में तेजी तो आयी लेकिन अभी लक्ष्य पूरा न होने की स्थिति में माना जा रहा है कि 15 दिन इसके लिए अब पर्याप्त होंगे।
लक्ष्य पूरा करने के ही तहत विधानसभावार और जिला निर्वाचन कार्यालय के स्तर पर हेल्प-डेस्क भी बनायी जा रही है। इस क्रम में बुक ए कॉल विद बीएलओ, की भी सुविधा दी गई है, जिसके अन्तर्गत कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से बुक ए कॉल की सुविधा के अन्तर्गत अपने बीएलओ से बात करने की रिक्वेस्ट डाल सकता है।
बीएलओ को अगले 48 घंटों के भीतर आवेदक से सम्पर्क कर निस्तारण करना है। इस कवायद में 48 घण्टे से अधिक लम्बित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराये जाने का निर्देश सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए। साथ ही वोटर हेल्पलाइन 1950 पर भी मदद मांगी जा सकती है।
कुछ दिन पहले ही समीक्षा में यह पाया गया कि प्रदेश में कुल 15.44 करोड़ के सापेक्ष अबतक 9.38 करोड़ (60 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किये जा चुके है।
50 प्रतिशत से कम गणना प्रपत्र वितरण करने वाले 13 जिलों- कानपुर नगर, मुरादाबाद, महोबा, कानपुर देहात, आगरा, उन्नाव, जौनपुर, लखनऊ, अमरोहा, वाराणसी, मिर्जापुर, देवरिया तथा रायबरेली को वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सभी जिलों को गणना प्रपत्र वितरण की बूथवार समीक्षा करते हुए यथा संभव 15 नवम्बर तक गणना प्रपत्र शतप्रतिशत वितरित कराये जाने के निर्देश दिये गये। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि इस दौरान किसी भी स्तर पर कार्य में लापरवाही बरती गई तो कठोर कार्रवाई की जायेगी।
