Bareilly: निजी हाथों में होगी 5 वार्डों की सफाई...नगर निगम ने कवायद की शुरू
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम लगातार शहर को स्मार्ट बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में अब शहर में पांच वार्डों की सफाई को भी प्राइवेट हाथों में देने की तैयारी निगम में चल रही है। 3 वार्डों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर एजेंसी को जिम्मेदारी दे दी गई है, वहीं दो वार्डों के लिए भी व्यवस्था निजी हाथों में देने के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. नैन सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में 80 वार्ड हैं। 30 वार्डों की सफाई व्यवस्था पहले से निजी हाथों में है। अब रहपुरा चौधरी, चौधरी मोहल्ला, मलूकपुर, नई बस्ती और रबड़ी टोला की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में देने की तैयारी निगम ने कर ली है।
इन वार्डों में काम कर रहे निगम के करीब 80 नियमित सफाई कर्मचारियों को ऐसे वार्डों में समायोजित किया जाएगा, जहां 20 से कम कर्मचारी हैं। बताया कि तीन वार्डों के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है अन्य दो वार्डों की टेंडर प्रक्रिया भी आगामी सप्ताह तक पूरी कर ली जाएगी।
