बाराबंकी : तीन बीघा जमीन गिरवी रख 11 वैन से बारात लेकर शादी रचाने पहुंचा दूल्हा, विदाई से ठीक पहले दुल्हन हुई फरार, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में एक शादी का जश्न देखते ही देखते तनाव और हड़कंप के माहौल में बदल गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बा, दक्षिण टोला में उस समय हड़कंप मच गया जब मंगलवार रात सात फेरे लेने वाली दुल्हन पल्लवी बुधवार सुबह विदाई से पहले ही रहस्यमय तरीके से घर से गायब हो गई।

जानकारी के मुताबिक बंशीलाल गौतम की पुत्री पल्लवी की शादी घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम बाबागंज निवासी सुशील गौतम से तय हुई थी। तीन महीने पहले रिश्ता पक्का हुआ था। विवाह के लिए दूल्हा 11 वैनों से 90 बाराती लेकर आया था। बताया जाता है कि शादी के लिए सुशील ने तीन बीघे जमीन तक गिरवी रखी थी।

मंगलवार रात हंसी-खुशी के बीच बारात का स्वागत हुआ, रस्में हुईं और विवाह पूरा हो गया। लेकिन बुधवार सुबह जैसे ही विदाई का समय आया, वधू पक्ष पर मानो बिजली गिर पड़ी। पल्लवी घर में कहीं नहीं मिली। कई घंटों की खोजबीन के बाद भी उसका अता-पता नहीं चल सका।

दुल्हन के गायब होने की खबर मिलते ही वर पक्ष में सन्नाटा छा गया और फिर गुस्सा भड़क उठा। दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। इसी बीच बाराती चुपचाप वहां से निकल गए। दूल्हा और उसका परिवार शादी में हुए भारी खर्च की भरपाई की मांग पर अड़ गए।

वधू पक्ष पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन उनकी कोई दलील काम नहीं आई। हंगामे की सूचना पर बंकी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल दुल्हन का गायब होना रहस्य बना हुआ है और दोनों परिवार सदमे में हैं।

संबंधित समाचार