गोंडा: 1350 किमी लंबे रेल ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग कराएगा पूर्वोत्तर रेलवे, महाप्रबंधक ने डीआरएम संग किया गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। रेल ट्रैक पर होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। लोगों को रेल ट्रैक पर जाने से रोकने के लिए ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग कराई जाएगी। फेंसिंग होने से यात्री या अन्य कोई मवेशी रेल ट्रैक पर नहीं जा सकेगा इससे आए दिन होने वाले हादसों पर लगाम लग सकेगी।

बुधवार को गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होने कहा कि हादसों की रोकथाम के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले 1350 किमी लंबे रेल ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग का कार्य कराया जायेगा।

पहले फेज‌ में यह कार्य गोरखपुर से लखनऊ तक होना है जिसे प्रारंभ करा दिया गया है‌। प्रेस कांफ्रेंस से पहले  उन्होने पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल समेत अन्य रेल अधिकारियों के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और अफसरों को दिशा निर्देश दिया। 

शाम करीब पांच बजे गोरखपुर से गोंडा पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की ली जानकारी ली। महाप्रबंधक ने ब्रिज, सिग्नलिंग व यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और अमृत भारत योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों के गुणवत्ता की जांच की।

रेलवे महाप्रबंधक ने सुरक्षा व संरक्षा को लेकर अफसरों को दिशा निर्देश भी दिया। रेलवे महाप्रबंधक ने कहा कि गोरखपुर से लेकर गोंडा तक का जो हमारा खंड है वह परिचालन की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण खंड है। आज उसका गहन निरीक्षण किया गया है।‌ निरीक्षण के दौरान जितने भी रेल परिचालन से जुड़े सभी पहलुओं जैसे लोकोमोटिव, वैगन का रखरखाव, ट्रैक, ब्रिज, सिग्नलिंग आदि का निरीक्षण किया गया।

उन्होने पैसेंजर व कर्मचारियों से संबंधित जानकारी ली और उपकरणों के रखरखाव की स्थिति देखी। महाप्रबंधक ने अमृत भारत योजना से कराए जा रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और उसके गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा से संबंधित एक नाटक भी बच्चों ने प्रस्तुत किया।

रेलवे महाप्रबंधक ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व संरक्षा से जुड़े सभी कार्यों का अध्ययन किया गया और अधिकारियों के साथ चर्चा की गयी तथा  उचित दिशा निर्देश सभी को दिए गए हैं। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

संबंधित समाचार