राहत की सांस: बेहतर हुई मुरादाबाद की हवा, संतोषजनक व मॉडरेट श्रेणी में एक्यूआई
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक तरफ जहां दिल्ली व आसपास वायु प्रदूषण खतरनाक हो रहा है वहीं मुरादाबाद में बुधवार को हवा बेहतर रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार दिखा। एक्यूआई संतोषजनक व मॉडरेट श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।
दिवाली व आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण काफी बढ़ गया था। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 300 पीजीएम के पार हो गया था। लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे इसमें सुधार हुआ। हालांकि पिछले सप्ताह एक बार फिर अचानक प्रदूषण का स्तर बढ़ गया था। मगर बुधवार को हवा साफ रही। सुबह 10 बजे जिगर कॉलोनी में एक्यूआई 90, ट्रांसपोर्ट नगर में 96, कांठ रोड स्थित सेवायोजन कार्यालय क्षेत्र में 99, दिल्ली रोड पर बुद्धि विहार में 111 और ईको हर्बल पार्क क्षेत्र में 182 पीजीएम (घन प्रति मिलियन) रिकॉर्ड किया गया।
माना जा रहा है कि नगर निगम की ओर से सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग के साथ ही वाटर स्प्रिंकलर से सड़कों के डिवाइडर व पेड़ों पर पानी के छिड़काव से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। हालांकि घना कोहरा न होने से नमी में कमी के चलते धूल के कण न जमने से भी हवा साफ होने का एक कारण माना जा रहा है।नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि मुरादाबाद में स्वच्छता को लेकर लगातार जागरूक किया जा रहा है। वायु प्रदूषण न बढ़े इसके लिए लोगों से खुले में कूड़ा न जलाने, वाहनों का प्रदूषण स्तर नियमित जांच कराकर उसे गुणवत्ता के मानक के अनुसार रखने आदि के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
