बाराबंकी : बीएलओ की कार्यशैली पर फूटा आक्रोश, प्रदर्शन
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। देवा कस्बे में एसआईआर के अंतर्गत चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में तैनात कई बीएलओ की लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में नियुक्त अधिकांश बीएलओ गणना प्रपत्र घर-घर बांटने के बजाय सभासदों या कुछ राजनीतिक व्यक्तियों के घर बैठकर लोगों को बुलाते हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को लेकर मोहल्ले की महिलाओं साजिदा, फरजाना, हजीरा खातून, नसीमुन, उजमा, सुरैया, रजिया, सालिया और कैमरून ने वार्ड के बीएलओ अखिलेश वर्मा पर घर-घर न जाकर मनमानी तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि बीएलओ की यह कार्यशैली नहीं सुधरी तो वे इसकी शिकायत चुनाव आयोग से लेकर जिलाधिकारी तक करेंगी।
