रामपुर : शादी के 22 दिन बाद मिल कर्मी की सड़क हादसे में मौत
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
रामपुर, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गुरुवार को त्रिवेणी चीनी मिल के ऑपरेटर की मौत हो गई। 22 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिलक थाना क्षेत्र के गांव करिंगा निवासी 28 वर्षीय सौरभ कुमार टांडा स्थित त्रिवेणी चीनी मिल में ऑपरेटर के पद पर तैनात था। रोजाना की तरह से गुरुवार तड़के 5 बजे बाइक से ड्यूटी को जा रहा था कि दिल्ली-लखनऊ हाईवे के दुर्ग नगला जीरो प्वाइंट पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां शाम को पोस्टमार्टम हो जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
पत्नी मनीषा की मेंहदी का रंग भी नहीं छूटा था
22 दिन पहले मृतक सौरभ की शादी 29 अक्टूबर को मनीषा के साथ हुई थी। अभी पत्नी मनीषा के हाथों की मेंहदी का रंग भी नहीं छूटा था। मायके और ससुराल वाले अभी शादियों की खुशियों में मश् थे कि गुरुवार को हुए हादसे में सौरभ की मौत हो गई। पति के मौत की जानकारी मिलने के बाद मनीषा के पैरों के नीचे से जमीन खिंसक गई। वह बेसुध होकर गिर गई। सौरभ के ससुराल वाले घर की ओर दौड़ पड़े। सौरभ तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। सौरभ की बहन की शादी हो चुकी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गार्ड की मौत
सिविल लाइंस के बाबा दीप सिंह कालोनी निवासी 50 वर्षीय भजन सिंह फौज से रिटायर्ड होने के बाद गार्ड की नौकरी कर रहे थे। वह बुधवार शाम 7:30 बजे किसी काम से धमोरा गए थे। इस दौरान वह सड़क पार कर रहे थे। सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनको चपेट में ले लिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच दिन में हादसों ने लील पर पांच की जान
हाईवे पर हादसे कम होने के बजाए लगातार बढ़ते चले जा रहे है। रविवार को दो ममेरे-फुफेरे भाइयों की भोट थाना क्षेत्र में मौत हो गई थी। इसके अलावा सोमवार को अजीमनगर में हुए हादसे में महिला की मौत हो गई थी। 18 नवंबर को खजुरिया में महिला की मौत हो गई। 19 तारीख को बिलासपुर और शहजादनगर में दो लोगों की हादसे में मौत हो गई थी। जबकि गुरुवार तड़के एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
