लखनऊ : तड़पता रहा उल्लू, सीवीओ ने कराया इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : शहर के जानकीपुरम् सेक्टर-एच में शुक्रवार सुबह एक घायल उल्लू मिला। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचित किया, लेकिन घंटों टीम नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर सीवीओ डॉ. सुरेश कुमार को जानकारी दी गई और उनके द्वारा गुडम्बा पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक वर्मा टीम के साथ पहुंचकर उपचार किया। इसके बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया।

स्थानीय निवासी क्षमा वाजपेयी ने घायल उल्लू की नगर निगम और वन विभाग को जानकारी दी। नगर निगम का मामला न होने के कारण हस्तक्षेप से मना कर दिया। जिले स्तर पर तैनात वन अधिकारियों के फोन नहीं उठे। घंटों एक-दूसरे को फोन करने की कवायद चलती रही। इस बीच कुछ एनजीओ रेस्क्यू करने के लिए सक्रिय हो गए। एक व्यक्ति ने पैरावेट बताकर उपचार करने के लिए 200 रुपये भी मांगे। लेकिन, जागरूक लोगों ने हाथ नहीं लगाने दिया। 

fhoto

समाज सेवी विवेक शर्मा ने ट्विट किया और वन विभाग मुख्यालय के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। वहां से निर्देश जिले के अधिकारियों को दिए गए। इसके बाद भी समय पर टीम नहीं पहुंची। इधर, हालत बिगड़ने पर विवेक ने सीवीओ डॉ. सुरेश कुमार को जानकारी दी। उनके निर्देश पर तत्काल गुडम्बा पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक वर्मा पहुंचे और उपचार किया। यह जानकारी वन मंंत्री स्तर पर भी पहुंची। वहां से भी निर्देशित किया गया तब जाकर वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और पहुंचकर उल्लू को लेकर चली गई। यह कोई नया मामला नहीं है। अक्सर जंगली जीव को रेस्क्यू करने में विभाग देर सबेर पहुंचता या फिर पल्ला झाड़ लेता है।

संबंधित समाचार