Lucknow News: एसडीएम के घर हुई चोरी का पर्दाफाश, दो भाई समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: फतेहपुर में तैनात एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मड़ियांव पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल दो भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 30 लाख के गहने, 50 हजार रुपये और चोरी में प्रयुक्त एक कार बरामद की गई है। वारदात में शामिल दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिशें दे रही है।

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि 24 अक्टूबर को साईं विहार कॉलोनी निवासी एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर में चोरी हुई थी। पुलिस ने आसपास के सैकड़ों सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चोर और एक कार कैद मिली। फुटेज के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि चोरों का गिरोह ग्रे रंग की कार से सीतापुर की ओर जा रहा है। सूचना पर भिठौली के पास घेराबंदी कर कार सवार तीन आरोपियों को पकड़ा गया। कार की तलाशी में जेवरात और 50 हजार रुपये बरामद हुए।

सख्ती से पूछताछ में तीनों आरोपियों ने एसडीएम के घर में हुई चोरी सहित कई अन्य घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपियों ने अपना नाम जीशान गाजी उर्फ छोटू, मो. अरशद और रियाज बताया। जीशान और अरशद शीशे का काम और रियाज कुर्ता बनाने का काम करता है।

पुलिस के अनुसार गिरोह ने कई दिन रेकी कर वारदात की योजना बनाई थी। वारदात में दो साथी इमरान और अद्दू भी शामिल थे। आरोपी जीशान पर पूर्व में डकैती समेत चार मामले, रियाज पर एक और अरशद पर 22 मामले दर्ज हैं। गिरोह रात में कार से निकलकर चोरी करता और चोरी की रकम से पूरे भारत में यात्रा करता था।

इन वारदातों का खुलासा:

24 अक्टूबर: साईं सिटी कॉलोनी, एसडीएम के घर

24 सितंबर: सेमरा गौढ़ी, अवनीश गुप्ता के घर

14 सितंबर: गायत्रीनगर-2, संदीप दुबे के घर

29 अगस्त: गायत्रीनगर, अनीता नाग के घर

26 अगस्त: गणेश विहार कॉलोनी, शशांक श्रीवास्तव के घर

26 अगस्त: गौसिया मस्जिद के पास, रुकसाना बेगम के घर

07 अगस्त: अजीजनगर, जगदीश के घर

06 मई: एसआर कॉलोनी, अजीत वर्मा के घर

07 फरवरी: नौबस्ता छोटा खुदान, कुलदीप मिश्र के घर

संबंधित समाचार