UP : चचेरी बहन की डोली से पहले निकली तहेरे भाई की अर्थी
रामपुर, अमृत विचार। शहजादनगर थाना क्षेत्र में एक एंबुलेंस ने स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी पर सवार उसकी रिश्ते की बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसको निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। बहन की डोली निकलने से पहले तहेरे भाई की अर्थी निकली।
घटना थाना क्षेत्र के बृजपुर का मझरा गांव के समीप शनिवार की तड़के की है। मिलक कोतवाली क्षेत्र के खाता चिंतामन गांव निवासी देवेद्र पुत्र तुलाराम 20 वर्षीय रुद्रपुर स्थित एक स्पेयर पार्ट की फैक्ट्री में काम करता था। शनिवार तड़के अपने रिश्ते की बहन को बुलाने बृजपुर गांव आया था। जैसे ही बहन को स्कूटी से लेकर अपने घर के लिए निकला तो रठौंडा की ओर से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस 108 से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी बहन हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मचने लगी। राहगीरों को देख एंबुलेंस चालक परिचालक मौके से फरार हो गए।जिसके बाद राहगीरों ने घायल को निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे में हुई मौत की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन उल्टे पांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही धमोरा चौकी पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एंबुलेंस को धमोरा पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया। देवेंद्र की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फरवरी में देवेंद्र की शादी होने वाली थी
शाम को पहुंची चचेरी बहन की बारात, खुशियां मातम में तब्दील
रठौंडा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में हुई देवेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।हुए हादसे वाले दिन ही देवेंद्र की चचेरी बहन प्रति पुत्री तेजपाल की बारात आनी थी। हादसे में हुए भाई की मौत से परिवार में खुशियां मातम में तब्दील हो गई। घर आए मेहमानों को जब हादसे में मौत की खबर मिली तो सभी के चेहरे उदास हो गए। खुशियों की जगह घर में रोना पीटना शुरू हो गया। शाम को सादगी के साथ बारात आई।
