19th National Jamboree: जम्बूरी में आए प्रतिभागी धूम सकेंगे ‘लखनऊ ’ और ‘अयोध्या’, UPSTDC ने लॉन्च किए टूर पैकेज
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी लखनऊ में आयोजित होने जा रही 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी में देश-विदेश से आए 35,000 से अधिक स्काउट्स और गाइड्स के लिए उप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने लखनऊ और अयोध्या के लिए दो विशेष टूर पैकेज जारी किए हैं। ये पैकेज जम्बूरी टेंट सिटी, वृंदावन योजना में ठहरे प्रतिभागियों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक धरोहर और अनोखी नवाबी परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने शनिवार को बताया कि जम्बूरी में शामिल युवा प्रतिनिधियों के लिए सप्ताह भर का प्रवास यादगार बने, इसी उद्देश्य से ''लखनऊ दर्शन'' और ''अयोध्या दर्शन'' टूर पैकेज तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ दर्शन पैकेज में रेजीडेंसी, बड़ा इमामबाड़ा, भूल-भुलैया, रूमी दरवाज़ा, छोटा इमामबाड़ा, पिक्चर गैलरी और चौक बाजार का भ्रमण शामिल है।
प्रतिभागी चिकनकारी और जरदोजी की कला को भी देख सकेंगे। यूपीएसटीडीसी ने गाइडेड टूर, रिफ्रेशमेंट और आरामदायक परिवहन की सुविधा मात्र 500 रुपए में उपलब्ध कराई है। सुबह 9 बजे शुरू होने वाला यह टूर दोपहर 2:30 बजे जम्बूरी ग्राउंड वापस लौटेगा। जम्बूरी परिसर में ही पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां से प्रतिभागी आसानी से बुकिंग कर सकेंगे।
‘अयोध्या दर्शन’ पैकेज
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या दर्शन पैकेज में प्रतिभागी श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी, कनक भवन और नागेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन करेंगे। यह पैकेज 1,000 रुपए में लंच, पानी, प्रशिक्षित गाइड और सुरक्षित परिवहन के साथ उपलब्ध है। यात्रा सुबह 8 बजे लखनऊ से शुरू होकर रात 8:30 बजे लौटेगी।
