Moradabad: लालबाग, ताजपुर में ई-कचरा जलाने का खेल उजागर, 68 अवैध भट्टियां चिन्हित
मुरादाबाद। नवाबपुरा और लालबाग क्षेत्र के छड़ियों के मैदान में लंबे समय से चल रहे ई-कचरा जलाने वाले अवैध भट्ठियों के कारोबार पर अब प्रशासनिक शिकंजा कसना शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों की शिकायतों और बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की, जिसमें 68 अनधिकृत भट्ठियां चिन्हित की गई हैं। ताजपुर और जामा मस्जिद पुल के नीचे रात में ई कचरा जलाने के कारोबार के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ की जाएगी छापेमारी।
रविवार को प्रदूण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके गुप्ता ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने ताजपुर, जामा मस्जिद,नवाबपुरा, लालबाग इलाके में जांच की, जिसमें कई भट्टियां बिना लाइसेंस, बिना सुरक्षा मानकों, और बिना किसी पर्यावरणीय स्वीकृति के धधकती मिलीं। ये भट्टियां चोरी-छिपे ई-कचरा, तार-तारियां, और इलेक्ट्रॉनिक सामान का प्लास्टिक व धातु गलाकर कबाड़ अलग करने का काम कर रही थीं।
जांच रिपोर्ट के बाद 68 अवैध भट्ठियों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।सोमवार से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा नगर निगम, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल होगी। उन्होंने कहा कि किसी के पास विभाग की कोई अनुमति नहीं है।
