ध्वजारोहण समारोह : PM पहली बार प्रथम तल पर राम दरबार की करेंगे आरती, विवाह पंचमी पर दक्षिण भारत से तैयार होकर आए रामलला के अनोखे वस्त्र
सत्य प्रकाश, अयोध्या, अमृत विचार: विवाह पंचमी तिथि पर 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के दिन रामलला और प्रथम तल पर विराजमान राजा राम और माता सीता भी स्वर्ण जड़ित पीताम्बरी वस्त्र धारण करेंगे। जिसे तैयार कर मशहूर डिजाइनर मनीष त्रिपाठी ने तैयार कर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार रामदरबार की आरती उतरेंगे।
मशहूर डिजाइनर मनीष त्रिपाठी ने बताया भगवान के वस्त्र पीतांबर है। जिसे सोने के धागो से पिरोए गए है। और यह पूरा कार्य दक्षिण भारत की शैली पर तैयार कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह वस्त्र एक वर्ष पूर्व से ही बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। रामलला और राम दरबार के भी वस्त्र पीतांबरी है। जिसमे माता सीता के वस्त्र को पीले और लाल रंग को मिश्रित करता हुआ वस्त्र हैं। उन्होंने बताया कि इसे दक्षिण भारत पहुंचकर वहां के डिजाइन पर तैयार किया गया है जिस पर रामायण के चिन्ह अंकित किए गए हैं।
प्रवेश से पहले अतिथियों की होगी दोहरी जांच
राम मंदिर परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों को आमंत्रण पत्र के साथ एक विशेष प्रवेश पत्र दिया गया है, उसी से उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए प्रवेश मिलेगा। समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए उनकी दोहरी जांच की जाएगी। इस दौरान उनके अंग रक्षक आदि को भी साथ नहीं जाने दिया जाएगा। अतिथियों को दिए गए प्रवेश पत्र पर उनकी सारी डिटेल अंकित है, इस पर उसकी फोटो, मोबाइल नंबर के साथ क्यूआर कोड भी लगा है। जिसे स्कैन करने पर आमंत्रित सदस्य की संपूर्ण जानकारी प्राप्त हो जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि आमंत्रित अतिथि जिनके साथ निजी या सरकारी सुरक्षाकर्मी व उनके सहायक होंगे, उन्हें भी समारोह में जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। यहां उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विशेष सुरक्षा अधिकारी के जिम्मे रहेगी।
