बाराबंकी में एसआईआर अभियान की धीमी रफ्तार पर डीएम ने जताई नाराजगी, पूनम वर्मा और जितेंद्र कुमार बने बेस्ट बीएलओ
बाराबंकी, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का सोमवार को जिला अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा बाराबंकी (सदर) क्षेत्र के कंपनीबाग स्थित इरम कॉन्वेंट इंटर कॉलेज के कई बूथों का निरीक्षण कर एसआईआर कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई बूथों पर कार्य की रफ्तार काफी धीमी पाई गई। भाग संख्या 328 पर पंजीकृत 936 मतदाताओं में से केवल 125 के फॉर्म भरे गए थे, जबकि भाग संख्या 329 के 889 मतदाताओं में 200 और भाग संख्या 346 के 1307 मतदाताओं में से मात्र 110 फॉर्म ही पूर्ण पाए गए। इस शिथिलता पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को दंडित किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर विधानसभा हैदरगढ़ क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो बीएलओ पूनम वर्मा और जितेंद्र कुमार ने अपने-अपने बूथों पर पंजीकृत सभी मतदाताओं के एसआईआर फॉर्मों की 100 प्रतिशत फीडिंग कर उदाहरण प्रस्तुत किया।
इनके कार्य से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने दोनों को बेस्ट बीएलओ के खिताब से सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर भरे गए आवेदन फॉर्मों को देखा और बीएलओ से ऐप पर फीडिंग की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य महत्वपूर्ण है और इसे समय पर पूर्ण करने के लिए सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। इसी दौरान बीएलओ ने बताया कि अब ऐप सुचारू रूप से कार्य कर रहा है, जिससे फीडिंग में गति आई है।
एसआईआर अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य बीएलओ रेनू वर्मा (नरगिसमऊ, सदर), दिनेश कुमार (उ.प्रा. विद्यालय उचिटा, जैदपुर), अमित कुमार (न्योछना, जैदपुर) और अनिल कुमार (सतबिसावां, जैदपुर) को भी 23 नवंबर को उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी बीएलओ अच्छा कार्य करेगा, उसे जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे बीएलओ को सहयोग कर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाएं।
