महापौर की डेडलाइन के बाद नगर निगम ने शुरू किया पैच वर्क, 50 करोड़ से गड्ढामुक्त की जाएंगी शहर की सभी सड़कें
लखनऊ, अमृत विचार : शहर की सभी खस्ताहाल सड़कें जल्द गड्ढामुक्त की जाएंगी। नगर निगम ने खराब सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। नगर निगम के कई जोनों में खराब सड़कें सही कराई जाने लगी हैं। दरअसल नगर निगम के पास पैचवर्क का बजट समाप्त हो गया था। बजट बढ़ाया जाना था लेकिन महापौर और नगर आयुक्त के बीच अधिकारों को लेकर चल रही लड़ाई के कारण कार्यकारिणी बैठक में देरी हुई। जिससे पुनरीक्षित बजट पास नहीं हो पा रहा था। आखिरकार 17 नवंबर को हुई कार्यकारिणी बैठक में पुनरीक्षित बजट में लगभग 4 अरब रुपये की बढोतरी की गई। सड़कों के पैचवर्क के लिए बजट 10 करोड़ से बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये किया गया है। महापौर ने डेढ़ महीने के भीतर सभी खराब सड़कें सही करने की डेडलाइन जारी की थी। महापौर के सख्त निर्देश का असर यह हुआ कि नगर निगम के अभियंता हरकत में आ गए हैं और पैच वर्क का काम शुरू करा दिया है। नगर निगम के जोन 8 स्थित वृंदावन कॉलोनी में कई जगह खराब सड़कें सही कराई गई हैं। इससे जनता को काफी राहत मिली है।
खराब सड़क निर्माण में अब आड़े नहीं आएगी बजट की कमी
शहर की खराब सड़कें बनाने के लिए अब बजट की कमी आड़े नहीं आएगी। नगर निगम कार्यकारिणी ने पुनरीक्षित बजट में सड़क निर्माण का बजट 271 करोड़ से बढ़ाकर 362 करोड़ रुपये कर दिया है। नगर निगम में शामिल 88 गांवों से लेकर शहर की गलियों में भी खराब हो चुकीं सड़कें बनाई जाएंगी।
