19th National Jamboree: सशक्त, समृद्ध और संवेदनशील व्यक्ति दूसरों को भी अपने जैसा बना सकता है... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवा शक्ति का किया आह्वान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जिस प्रकार एक दीपक से अनेक दीपक जलाए जा सकते हैं, उसी प्रकार एक सशक्त, समृद्ध और संवेदनशील व्यक्ति अनेक व्यक्तियों को सशक्त और समृद्ध बना सकता है। यदि सभी युवा प्रकृति के साथी होने के स्काउट्स एंड गाइड्स के सिद्धांत को अपनाएं और आगे बढ़ें तो हमारी धरती हरी-भरी और खुशहाल बनेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यह उद्गार भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली तथा 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के समापन समारोह में युवा शक्ति का आह्वान करते हुए प्रकट किए।

MUSKAN DIXIT (92)

राष्ट्रपति मुर्मु ने बताया कि आज भारत में 63 लाख से अधिक स्काउट्स एंड गाइड्स हैं और यह विश्व के सबसे बड़े संगठनों में से एक है। इस संगठन में गाइड यानी छात्राओं की संख्या 25 लाख से अधिक है, जो उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने उन बेटियों को बधाई दी, जिन्होंने समाज और मानवता के कल्याण के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रगति के मार्ग को अपनाया है। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स लंबे समय से युवाओं को सही दिशा देने, उन्हें अनुशासित बनाने और राष्ट्र निर्माण में प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं।

MUSKAN DIXIT (88)

राष्ट्रपति ने कहा कि यह संगठन ऐसी युवा पीढ़ी तैयार कर रहा है, जो सशक्त, संवेदनशील और देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुर्मु ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स का आदर्श वाक्य है- तैयार रहो। इसका अर्थ है कि आपको भविष्य की चुनौतियों का साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। इसके लिए आवश्यक है कि आप में संवाद क्षमता, टीम समन्वय, समस्या समाधान और नेतृत्व जैसे कौशल विकसित हों।

मिजोरम के मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मिजोरम के मुख्यमंत्री पी. लालदुहोमा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, प्रादेशिक अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) महेंद्र सिंह, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त केके. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त प्रभात कुमार तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी, व्यवस्थापक और स्काउट्स-गाइड्स उपस्थित रहे।

MUSKAN DIXIT (90)

राष्ट्रपति न ली मार्च पास्ट की सलामी

राष्ट्रपति मुर्मु ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की भूमिका का निर्वहन करते हुए स्मारिका का भी विमोचन किया। वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जंबूरी पत्रिका का विमोचन करते हुए पहली प्रति राष्ट्रपति को प्रदान की। सभी अतिथियों को स्कार्फ व प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इससे पूर्व, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मार्च पास्ट की सलामी ली तथा विभिन्न राज्यों से आए स्काउट्स एंड गाइड्स का उत्साहवर्धन किया।

MUSKAN DIXIT (93)

भारत व विश्व बंधुत्व के विजन को आगे बढ़ाएं युवा: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सीख दी कि अनुशासन जीवन की पहली आधारशिला है। अनुशासित युवा ही अदम्य साहस से राष्ट्र को नित नई बुलंदियों तक पहुंचाने में सहभागी हो सकता है। राजधानी लखनऊ पिछले पांच दिन से भारत की युवा ऊर्जा के अनुशासन, धैर्य व चुनौती को समझने के सामर्थ्य को देख रही है। सीएम ने आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश, देश व दुनिया के कोने-कोने से आए युवा जंबूरी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की स्मृतियों को अपने-अपने क्षेत्र में ले जाकर भारत व विश्व बंधुत्व के विजन को बढ़ाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में शुक्रवार को डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर-15 वृंदावन योजना में हुए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली एवं 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के समापन समारोह को संबोधित किया।

MUSKAN DIXIT (91)

मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने किया राष्ट्रपति का स्वागत

लखनऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं। यहां एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री भी यहां मौजूद रहे।

संबंधित समाचार