Taiwan Film Festival : दिल्ली में "Demon Hunters" प्रदर्शित, पहली ताइवान-भारत सह-निर्मित फिल्म
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में पहले ताइवान फिल्म महोत्सव का आयोजित हुआ जिसमें भारत और ताइवान के सहयोग से निर्मित 'डेमन हंटर्स' ने दर्शकों का मन मोह लिया। दो दिवसीय फिल्म महोत्सव का आयोजन ताइवान के संस्कृति मंत्रालय तथा भारत में ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र (टीईसीसी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को यहां के वसंत विहार स्थित पीवीआर प्रिया सिनेमा हॉल में हुआ।
https://twitter.com/TWIndia2/status/1991798363189108798?s=20
ताइवान और भारत के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सिनेमाई संवाद और रचनात्मक सहयोग को समर्पित इस महोत्सव का उद्घाटन टीईसीसी के प्रतिनिधि प्रो. मुमिन चेन किया। ऐतिहासिक फिल्म महोत्सव की शुरुआत निर्देशक मेई-जुन चेन के फ़िल्म 'डेमन हंटर्स' के विशेष प्रीमियर से हुई।
इस मौके पर भारत और ताइवान के सहयोग से निर्मित पहली फ़ीचर फ़िल्म 'डेमन हंटर्स' की निर्माता सिंडी श्यू थाइल और गायत्री गुलियानी, फ़िल्म के प्रमुख अभिनेता अर्जुन बाजवा तथा अभिनेता जयंत सहित भारतीय फ़िल्म जगत, सांस्कृतिक संस्थानों और राजनयिक समुदाय के कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। 'डेमन हंटर्स' एक सुपरनैचुरल एक्शन-कॉमेडी फ़िल्म है, जिसमें ताइवानी लोककथाओं और भारतीय कहानी को अनूठी शैली में पिरोया गया है।
फ़िल्म में बॉलीवुड शैली के गीत-संगीत भी हैं , जो दर्शकों को बांधे रखते हैं। फ़िल्म की कहानी एक फर्जी ताइवानी ओझा-यूट्यूबर टॉमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक वास्तविक दानवीय खतरे का सामना करना पड़ता है और इस चुनौती के दौरान उसका साथ एक तकनीक-प्रेमी भारतीय ओझा देता हैं, जो अपने दादा की मृत्यु का बदला लेने के मिशन पर है। दोनों मिलकर एक रोमांचक, हास्यपूर्ण और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध यात्रा पर निकलते हैं।
महोत्सव के उद्घाटन के अवसर पर प्रो. चेन ने कहा, "ताइवान फ़िल्म महोत्सव हमेशा से ताइवान की सांस्कृतिक आत्मा को भारत तक पहुँचाने का माध्यम रहा है, लेकिन इस वर्ष इसका महत्व और भी बढ़ गया है। 'डेमन हंटर्स' के माध्यम से हम केवल एक फ़िल्म ही नहीं, बल्कि भारत और ताइवान के फ़िल्म निर्माताओं के बीच एक सशक्त साझेदारी का उत्सव मना रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "सिनेमा लोगों को जोड़ने, संवाद स्थापित करने और आपसी समझ बढ़ाने की अद्भुत शक्ति रखता है। इस महोत्सव के माध्यम से हम भारत-ताइवान सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं तथा भविष्य में और सह-निर्माण को प्रोत्साहित करना चाहते हैं।"
अभिनेता अर्जुन बाजवा ने कहा, "'डेमन हंटर्स' पर काम करना मेरे लिए एक बेहद खास अनुभव रहा। यह फ़िल्म ताइवानी रहस्यवाद और भारतीय ऊर्जा का सुंदर मेल है। ताइवानी टीम के साथ काम करना रचनात्मक रूप से बहुत समृद्ध रहा।" उन्होंने कहा, "यह फ़िल्म कहानी, संगीत, कल्पना और भावनाओं के प्रति हमारे साझा प्रेम को दर्शाती है। मुझे विश्वास है कि दोनों देशों के दर्शक इसमें छुपे हास्य, रोमांच और भावनात्मक गहराई को महसूस करेंगे। इस महोत्सव की शुरुआत हमारी फ़िल्म से होना मेरे लिए गर्व की बात है।"
इस महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को ताइवानी फ़िल्म चिप ओडिसी और हंटर ब्रदर्स का प्रदर्शन किया गया। ए चिप ओडिसी एक प्रभावशाली वृत्तचित्र फ़िल्म है, जो दुनिया की अग्रणी सेमीकंडक्टर कंपनी ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) की यात्रा और वैश्विक तकनीकी परिदृश्य में ताइवान की अहम भूमिका को दर्शाती है। वहीं, हंटर ब्रदर्स फ़िल्म ताइवान के आदिवासी समुदायों के जीवन, परंपरा और पहचान पर केंद्रित एक संवेदनशील पारिवारिक ड्रामा फिल्म है, जो परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।
ये भी पढ़े :
Seoul Global Movie Awards: दक्षिण कोरिया में पहली बार भारतीय फिल्म का कमाल, शांतनु माहेश्वरी की लव इन वियतनाम ने जीता दो अवार्ड
सोर्स : (वार्ता)
