Moradabad: घने कोहरे की चादर ने थामी वाहनों की रफ्तार, गलन बढ़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को शहर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। हाईवे से लेकर शहर की अंदरूनी सड़कों तक वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

ठंडी हवा के चलते दिन भर सर्दी का असर बना रहा। सुबह के समय कंपकंपी जैसी स्थिति रही और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। कोहरे और ठंड के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी हुई। सुबह करीब 10 बजे के बाद सूर्य देव के दर्शन हुए, जिससे कोहरा धीरे-धीरे छंटना शुरू हुआ। हालांकि धूप कमजोर रही और ठंडी हवा के कारण ठिठुरन का अहसास बना रहा। दोपहर करीब 12 बजे के बाद धूप में तेजी आई, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। धूप निकलने के बाद बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ती नजर आई। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने अलाव और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट और नमी के कारण आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। वाहन चालकों को कोहरे के दौरान हेडलाइट और फॉग लाइट का प्रयोग करने, गति नियंत्रित रखने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। वहीं, चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और जरूरत पड़ने पर ही सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है।

संबंधित समाचार