झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, 14 जिलों में कोहरा और शीतलहर का अलर्ट
रांची। झारखंड इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रही नमी भरी हवा के असर से राज्य का मौसम पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुबह और देर रात घना कोहरा छा रहा है, वहीं तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इनमें रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। विभाग का कहना है कि यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है। कोहरे और बादलों की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है और कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। ठंड का असर जानलेवा भी साबित हो रहा है।हजारीबाग में ठंड से दो लोगों की मौत की खबर है। वहीं पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड की बेनीकला पंचायत अंतर्गत फुलडीहा गांव में अंगीठी जलाकर सो रही नानी-नातिन की दम घुटने से मौत हो गई।
बताया गया कि मुलारो कुंवर अपनी नातिन माया कुमारी के साथ अंगीठी जलाकर एक ही कमरे में सो रही थीं। सुबह दोनों बेहोश मिलीं, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रदेश के पलामू सहित नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
मौसम में आए बदलाव का असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है। कोहरे के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 14 उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि इंडिगो की रांची-दिल्ली और रांची-बेंगलुरु उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कई प्रमुख ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देर से रांची पहुंचीं।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सबसे अधिक ठंड रांची के कांके में महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
