KGMU में लव जिहाद पर भड़के हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, अधिकारियों को बनाया बंधक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में लव जिहाद और धर्मांतरण के प्रयास के विरोध में सोमवार को हिंदू संगठनों ने विवि परिजन में हंगामी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ब्राउन हाल पहुंची कुलपति . सोनिया नित्यानंद और अधिकारियों को बंधक बना लिया। कुलपति ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुना, उनका ज्ञापन लेकर जांच कराने और दोषी मिलने पर आरोपी रेजीडेंट पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।

Untitled design (17)

विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और करणी सेना के कार्यकर्ता दोपहर करीब 1 बजे नारेबाजी करते हुए केजीएमयू पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ब्राउन हाल जाने से रोक दिया। इस पर प्रदर्शनकारी भड़क गए। विहिप के संगठन मंत्री समरेंद्र ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर धर्मांतरण के प्रयास के आरोपी पुरुष रेजिडेंट को बचाने का आरोप लगाया।

विवि के अधिकारियों ने मामले ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद से वार्ता करने पर अड़ गए। इसके बाद कुलपति अधिकारियों के साथ ब्राउन हाल पहुंचीं। वहां वहां प्रदर्शनकारियों ने उनका घेराव कर बंधक बना लिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। विवि प्रशासन ने पुलिस बुला ली। पुलिसबल पहुंचने पर प्रदर्शनकारी कुछ नरम पड़े। कुलपति ने प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनीं। उन्होंने जांच में दोषी मिलने पर रेजिडेंट पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए।

करणी सेना ने भी किया प्रदर्शन

केजीएमयू के बाहर छत्रपति शाहूजी महाराज की प्रतिमा के पास करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने ठाकुर आशीष सिंह के अगुवाई में धरना-प्रदर्शन करअधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हिन्दू रेजिडेंट को इंसाफ दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेगा।

उधर, विहिप के संगठन मंत्री समरेन्द्र सिंह, अवध प्रांत के संगठन मंत्री विजय प्रताप, लखनऊ पश्चिम जिले के अध्यक्ष सुभाष शर्मा, जिला मंत्री पंकज तिवारी ने कहा है कि ऐसे संवेदनशीन मामले विभाग के अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव मामले को सीधे संज्ञान ले रही हैं। जल्द ही विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर निष्कासन की मांग की जाएगी।

यह है मामला

महिला रेजिडेंट केजीएमयू हॉस्टल में रहती थी। जुलाई 2025 में उसकी भेंट साथ में पढ़ाई करने वाले पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर से हुई। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। पीड़िता के परिवारीजनों का आरोप है कि पुरुष रेजिडेंट ने उसे प्रेमजाल में फंसा कर शोषण किया। जब बात शादी की आई तो रेजिडेंट ने धर्मांतरण का दबाव डाला। इस पर महिला रेजिडेंट राजी नहीं हुई तो उसे छोड़ दिया। इससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। परिवारीजनों के अनुसार उसने बीते दिनों खुदकुशी का प्रयास किया। परिवारीजन ने मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई है। राज्य महिला आयोग में भी गुहार लगाई है।

सुधर जाओ जिहादियों, वरना राख में मिला देंगे : अपर्णा

महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने रेजिडेंट डॉक्टर के धर्मांतरण मामले में कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा आरोपी डॉक्टर ने जूनियर डॉक्टर के साथ लव जिहाद किया है। मैं लव जिहादियों को आगाह करते हुए कहती हूं कि सुधर जाओ, वरना तुम सबको चुन-चुनकर राख का ढेर कर दिया जाएगा। हम लव जिहादियों की मानसिकता का अंत करेंगे।

अपर्णा यादव ने सोमवार को पीड़िता के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा सीनियर ने अपनी जूनियर को इस कदम उकसाया कि उसने जान देने की कोशिश की। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी। उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। कोर्ट से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

अपर्णा ने कहा जब सीता माता का अपहरण होता है, तो रावण के पूरे वंश का नाश होता है। जब द्रौपदी का चीर हरण होता है, तो पूरे कुरु वंश का नाश होता है। हमारा दुर्भाग्य है कि भारतवर्ष में लव जिहाद कर हिंदू बेटियों का जीवन बर्बाद किया जा रहा है या उनकी हत्या की जा रही है। केजीएमयू के मामले में पीड़िता के साथ लव जिहाद किया गया है। हम आरोपियों पर कार्रवाई करेंगे।

आरोपी ने पहले भी हिंदू लड़की का धर्म बदलवाकर निकाह किया है

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। उसने यह जानकारी पीड़िता से छिपा कर रखी थी। पीड़िता को पता चला कि उसकी शादी हो चुकी है, तो उससे दूरी बना ली। इस पर उसने शोषण शुरू कर दिया। पीड़िता को प्रताड़ित करने लगा। आरोप है आरोपी ने जिससे शादी की है वह भी हिंदू है। आरोपी ने उसे बरगलाकर धर्म बदलवाया।

बीमारी का बहाना बना आरोपी ने मांगी छुट्टी

मामले की जांच तक बात पहुंचने पर आरोपी पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर ने तबीयत खराब होने की बात कहते हुए विभागाध्यक्ष से छुट्टी की गुजारिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागाध्यक्ष ने छुट्टी देने से इंकार कर दिया है। उधर, दोपहर बाद पीड़ित व आरोपी विशाखा कमेटी के सामने पेश हुए। दोनों के बयान दर्ज किए गए। कमेटी के सामने पुरुष डॉक्टर ने खुद को कुंवारा बताया। पूर्व में महिला डॉक्टर से शादी की बात को सिरे से खारिज कर दिया। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह का कहना है कि कमेटी ने आरोपी रेजिडेंट डॉक्टर से कुंवारा होने के सुबूत मांगे हैं, क्योंकि पीड़िता ने शिकायती पत्र में पहली डॉक्टर पत्नी के नाम का जिक्र किया है।

पीड़िता की लिखित शिकायत पर विशाखा कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को कमेटी की पहली बैठक भी हुई। पीड़िता और आरोपी के बयान भी दर्ज किये गए। दोनों से बयानों के आधार पर साक्ष्य भी मांगे गए हैं। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।- डॉ. केके सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू

ये भी पढ़े : 
पांच राज्यों में फैले जाली मार्कशीट गिरोह के तार: जांच में खुलासा, खाड़ी देश में नौकरी के दी फर्जी डिग्री 

 

संबंधित समाचार