सपा पर पंकज चौधरी का तीखा हमला, कहा- पारिवारिक दलों का गठबंधन है अखिलेश का पीडीए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष  और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनका पीडीए का मंत्र परिवारवाद गठबंधन से ज़्यादा कुछ नहीं है। 

लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति को देश की राजनीति का केंद्र बताते हुए कहा कि उनके पास 35 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है और वह सभी को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और आगे भी उनके सम्मान व हितों के लिए निरंतर काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को अटल शताब्दी समारोह मनाया जाएगा। इसी दिन से 31 दिसंबर तक प्रदेश भर में सुशासन दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी विधानसभाओं में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। 

पंकज चौधरी ने कहा कि 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'प्रेरणा स्थल' का लोकार्पण करेंगे, जबकि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और सभी को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। 

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ 'पारिवारिक दलों का गठबंधन' है, जिसका स्वरूप उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले कल्याण सिंह और वर्तमान में नरेंद्र मोदी को बड़ी जिम्मेदारियां दीं, जो इस बात का प्रमाण है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं और नेताओं का सम्मान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसा संगठन है जहां लोकतंत्र पूरी तरह कायम है। आवश्यकता के अनुसार टीम का गठन किया जाता है और पार्टी की जरूरतों के मुताबिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने दोहराया कि भाजपा का मूल मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' है और इसी सिद्धांत के तहत काम किया जाता है। पार्टी किसी एक क्षेत्र को मजबूत करने के बजाय पूरे प्रदेश और देश के संतुलित विकास पर ध्यान देती है।

संबंधित समाचार