Moradabad: सुबह कोहरे की चादर...दिन में धूप से मिली राहत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई, जिसके चलते आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों को कोहरे और ठंड का सामना करना पड़ा।

सुबह के समय ठंडी हवा चलने से गलन और बढ़ गई। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। चाय की दुकानों और अलाव के पास लोगों की भीड़ देखी गई। खासकर बुजुर्गों और बच्चों पर सर्दी का असर ज्यादा दिखाई दिया। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। हालांकि, दोपहर के समय मौसम ने कुछ राहत दी। सूर्यदेव के दर्शन होने से लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई। धूप निकलते ही लोग छतों, पार्कों और खुले स्थानों पर धूप सेंकते नजर आए। बीते दिनों से गीले पड़े कपड़े भी धूप निकलने के बाद सूखने लगे। बाजारों में भी दोपहर के समय रौनक बढ़ी और लोगों की आवाजाही सामान्य होती दिखी।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही ठंडी हवाओं के चलते गलन और बढ़ सकती है। बढ़ती सर्दी का असर दिहाड़ी मजदूरों और खुले में काम करने वालों पर भी साफ नजर आ रहा है। सुबह जल्दी काम पर निकलने वालों को ठंड से जूझना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

संबंधित समाचार