Bareilly : बेग बरातघर में मौलाना तौकीर की मौजूदगी में हुई थी बैठक
बरेली, अमृत विचार। शहर में आई लव मुहम्मद पोस्टर को लेकर हुए बवाल के बाद से ही बरेली विकास प्राधिकरण अवैध निर्माणों पर कार्रवाई कर रहा है। बेग बरातघर प्रशासन के रडार पर बवाल होने के बाद तब आया जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ये वीडियो 19 सितंबर को बेग बरातघर में मौलाना तौकीर रजा की मौजूदगी की गई बैठक का बताया जा रहा है। इसके एक सप्ताह बाद यानि 26 सितंबर को ही शहर में बवाल हो गया। बीडीए ने पांच अक्टूबर को बिना नक्शा पास कराए बने बेग बरातघर को सील कर दिया था।
बरेली विकास प्राधिकरण की टीम मंगलवार को जब भारी पुलिस बल के बीच चार बुलडोजर लेकर फरीदापुर चौधरी स्थित बेग बरातघर पहुंची तो आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान जैसे ही बीडीए ने ध्वस्तीकरण कार्रवाई आरंभ की, बेग बरातघर के मालिक सपा के पूर्व पार्षद और बवाल मामले में फरार चल रहे वाजिद बेग पुत्र हुसैन बेग का भाई आबिद बेग बीडीए अफसरों के पास आया। उसने अफसरों से इस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि सीलिंग की कार्रवाई के बाद से ही कंपाउंडिंग कराने के लिए बीडीए अफसरों से लगातार संपर्क कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बरातघर का ध्वस्तीकरण न किया जाए, इसके लिए हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की है और मामला विचाराधीन है, लेकिन इससे पूर्व ही कार्रवाई कर दी गई। कहा कि शासन को कंपाउंडिंग से राजस्व मिलेगा न कि ध्वस्तीकरण से। हालांकि बीडीए की बुलडोजर कार्रवाई जारी रही।
ढहाते-ढहाते दो बुलडोजर के टूटे पंजे
बेग बरातघर को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके इसके लिए बीडीए की टीम चार बुलडोजर लेकर पहुंची थी, लेकिन लगातार बुलडोजर के गरजने से दो बुलडोजरों के पंजे निकल गए। इसके चलते कुछ देर के लिए कार्रवाई हल्की हो गई।
साहब! घर दीवारें हिलने से बुजुर्ग हो रहे परेशान
बीडीए के लगातार गजरने से वाजिद बेग के बरातघर से सटे मकान में निवास करने वाले लोगों की भी सांसें अटकी रहीं। बुलडोजर कार्रवाई आरंभ होते ही बार-बार घर की महिलाएं पुलिस से बात करने को बाहर आ रहीं थी। इस पर महिला पुलिस उनके घर गईं तो महिलाओं ने बताया कि उनके घर में बुजुर्ग महिला की तबियत खराब है। इस कार्रवाई से उनके मकान की दीवारें हिल रहीं हैं। इस पर परिवार को कार्रवाई होने तक पड़ोस के घर में जाने को कहा गया। वहीं उनके मकान को भी कोई नुकसान न पहुंचने का भी आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिवार के लोग मकान खाली कर पड़ोसी के घर में चले गए।
बीडीए का दावा, नहीं थमेगा बुलडोजर एक्शन
बीडीए ने पूर्व में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आरिफ के अवैध शाॅपिंग काम्पलेक्स, 16 दुकानें, नदीम का अवैध बरातघर समेत अन्य अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है, वहीं पीलीभीत बाईपास रोड पर ही बने होटल स्काई लॉर्क, फाहम लॉन, फ्लोरा गार्डन को भी बीडीए ने पूर्व में सील किया है। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के अनुसार, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि अवैध निर्माण के चलते बीडीए की ओर से ध्वस्तीकरण किया जा रहा है, वाजिद बेग का आपराधिक इतिहास है। वहीं शहर में हुए उपद्रव से पहले 19 सितंबर को इस बरात घर में बैठक होने का मामला भी सामने आया था।
