Bareilly :शहर की इस कॉलोनी पर बंदरों ने किया कब्जा, शिकायत के बाद नहीं पहुंचा नगर निगम
बरेली, अमृत विचार। शहर के रहपुरा चौधरी स्थित अवध धाम कॉलोनी के लोग घरों में सहमे हुए हैं। ऐसा इसलिए कि तीन दिन से बंदरों ने इस कॉलोनी में आतंक मचा रखा है। सुबह से लेकर शाम तक बंदर घरों की छतों पर डेरा डाले रहते हैं। मौका मिलते ही घरों में घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं और कपड़े फाड़ दे रहे हैं। बंदरों के डर से लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं।
अवध धाम कॉलोनी निवासी अशोक तिवारी ने बताया कि तीन दिनों से बंदरों ने कॉलोनी में आंतक मचा रखा है। छतों पर सूखने के लिए डाले गए कपड़े बंदरों ने फाड़ दिए हैं वहीं कई लोगों पर हमला भी कर दिया है। इतना ही नहीं मौका पाकर बंदर घरों में भी घुस कर सामान उठा ले जा रहे हैं।
बंदरों के डर से घर से बाहर निकला दूभर हो गया है। कई बार निगम में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन किसी ने भी सुध नहीं ली। नगर निगम के उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत फिलहाल प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन बुधवार को कॉलोनी में बंदर पकड़ने को टीम भेजी जाएगी।
