UP Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी से उत्तर प्रदेश प्रभावित, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात और बूंदाबांदी के साथ मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ शीतलहर ने ठंड बढ़ा दी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी सनसनाती सर्दी का एहसास लोग कर रहे हैं। यहां कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहन रेंगते रहे तो रेल यातायात के साथ विमानों का परिचालन भी प्रभावित है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बाद लगातार चार दिन तक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और शीतलहर चलती रहेगी। दिल्ली के लिए ठंड और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे के दौरान सुरक्षा चेतावनी

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश में 4 से 5 दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों की माने, तो वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिस कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है। वहीं दूसरा विक्षोभ 27 दिसंबर तक भारतीय आसमान के ऊपर पहुंच सकता है।

लखनऊ से दिल्ली रूट की उड़ानें प्रभावित

खराब मौसम के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। इंडिगो की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई अन्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, चेन्नई से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-515, जिसका निर्धारित समय दोपहर 3:05 बजे था, रद्द कर दी गई। इसी विमान से लखनऊ से देहरादून जाने वाली इंडिगो की उड़ान, जिसे 3:45 बजे रवाना होना था, भी निरस्त कर दी गई। इन दोनों उड़ानों के रद्द होने का मुख्य कारण खराब मौसम बताया गया है।

संबंधित समाचार