PM मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना,कहा- कांग्रेस, सपा ने भाजपा को बदनाम किया, हमने नहीं किया भेदभाव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बोले- सेकुलरिज्म की बातें करने वाली पार्टियां देख लें- बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा

प्रेरणा स्थल पर बनी तीन विभूतियों पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं का किया अनावरण

लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने पहुंचे। इस दौरान लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां अपनी सरकार की देश-प्रदेश में उपलब्धियां गिनाई वहीं विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। कहा, एक परिवार ने देश को बंधक बनाया था, भाजपा की सरकार ने उसे मुक्त कराया। कांग्रेस हो या सपा भाजपा को जमकर बदनाम किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, भाजपा ने हर किसी के योगदान को सम्मान दिया। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा दिल्ली के कर्तव्य पथ है। अंडमान में नेताजी ने जहां पर तिरंगा फहराया, वहां उनकी प्रतिमा। कोई नहीं भूल सकता है कि आंबेडकर की विरासत को मिटाने का प्रयास किया गया। दिल्ली की शाही परिवार ने इसे मिटाने का प्रयास किया। यहां सपा ने भी ऐसा किया। लेकिन भाजपा ने इसे मिटने नहीं दिया।

MUSKAN DIXIT (9)

पीएम मोदी ने कहा, परिवारवाद की राजनीति की एक विशिष्ट पहचान होती है। असुरक्षा से घिरी होती है। इस कारण परिवारवाद दूसरे की लकीर को छोटा करने की प्रवृत्ति होती है। इसी सोच ने भारत में राजनीतिक छूआछूत का चलन शुरू किया। पीएम ने कहा, कांग्रेस से या सपा से कोई भी ऐसी उम्मीद नहीं कर सकता। इन लोगों के राज में तो भाजपा के नेताओं को सिर्फ अपमान ही मिलता था। भाजपा के डबल इंजन सरकार को बहुत लाभ यूपी को हो रहा है। उप्र. 21वीं सदी के भारत में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

मोदी के मुताबिक, पहले बैंक खाते कुछ लोगों के होते थे, वैसे ही बीमा भी कुछ लोगों तक सीमित था। हमने जीवन ज्योति योजना बनाई। आज इस स्कीम से 25 करोड़ से ज्यादा गरीब जुड़े हैं। इसी तरह दुर्घटना बीमा से 55 करोड़ लोग जुड़े हैं। ये वह लोग हैं जो बीमा के बारे में सोच नहीं पाते थे। इन योजनाओं से करीब 25 हजार करोड़ का भुगतान इन गरीब परिवारों के काम आया।

MUSKAN DIXIT (12)

पीएम मोदी ने कहा कि सन 2000 के बाद से अब तक करीब आठ लाख किलोमीटर सड़कें गांवों में बनी हैं। इसमें से करीब चार लाख किमी सड़कें पिछले दस वर्षों में बनी हैं। पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है। यूपी में एक्सप्रेसवे बनाने में नाम कमा रहा है। एक के बाद एक एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डा. मुखर्जी, पं. दीनदयाल व भारत रत्न अटलजी की 65-65 फिट ऊंची कांस्य प्रतिमा और डिजिटल म्यूजियम का लोकार्पण किया।

MUSKAN DIXIT (10)

मोदी ने यूपी की जमकर की प्रशंसा

पीएम मोदी ने कहा कि, मेरा सौभाग्य है कि मैं यूपी से सांसद हूं। यूपी के मेहनतकश लोग एक नया भविष्य लिख रहे हैं। आज इस राज्य की चर्चा विकास के लिए होती है। यूपी पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, दुनिया में यूपी की नई पहचान बन रहा है। पीएम मोदी ने कहा, लखनऊ की धमक पूरे विश्व में है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में ब्रह्मोस मिसाइल का बहुत बड़ा योगदान है। इस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है।

महापुरुषों के सपनों का हमने किया चरितार्थ: योगी आदित्यनाथ

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर गुरुवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और अटलजी की विरासत ने भारत को नई दृष्टि दी। आज उनके सपने साकार हैं जिसे देख हर भारतवासी प्रफुल्लित है।

MUSKAN DIXIT (11)

मुख्यमंत्री ने कहा, पिछले 11 वर्ष में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर सामान्य नागरिक के रूप में जीवनयापन कर रहे हैं। योगी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर व विकसित भारत का जो वर्तमान स्वरूप देख रहे हैं, उसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी का मार्गदर्शन प्रेरणा के रूप में है। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हर भारतवासी उसे विकास व विरासत के नए रूप में देख रहा है।

MUSKAN DIXIT (14)

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अब भारत का बोलबाला: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में शानदार प्रेरणा स्थल यूपी की राजधानी लखनऊ में स्थापित करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई बुलंदियों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार महंगाई की दर एक फीसदी के नीचे गई है। पीएम मोदी के शासनकाल में 8 फीसदी से अधिक की विकास दर दिख रही है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद व पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार