गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें नमन किया, सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शनिवार को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि एकता, करुणा और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित एक सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनके उपदेश मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुर्मू ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह विपरीत परिस्थितियों में भी गरिमा और आदर्शों के लिए बलिदान के प्रतीक हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एकता, करुणा और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनकी शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहें।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं!
अदम्य साहस और विलक्षण दूरदर्शिता के साथ उन्होंने लोगों को धर्मपरायण जीवन जीने की प्रेरणा दी और अपने अनुयायियों को एक ऐसी शक्ति में एकजुट किया जो न्याय और आत्मसम्मान के आदर्शों की रक्षा के उत्साह से ओतप्रोत होकर अपने से कहीं अधिक शक्तिशाली शत्रुओं का बहादुरी से सामना करने में सक्षम थी।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि गुरु गोबिंद सिंह साहस, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं तथा उनका जीवन एवं शिक्षाएं सभी को सत्य, न्याय एवं धर्मपरायणता के लिए खड़े होने और मानवीय गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं। मोदी ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह की दूरदृष्टि पीढ़ियों को सेवा और निस्वार्थ कर्तव्य की ओर निरंतर मार्गदर्शन देती रही है।
PM मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र प्रकाश उत्सव के अवसर पर हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। वह साहस, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं। उनका जीवन और शिक्षाएं हमें सत्य, न्याय, धर्मपरायणता के लिए खड़े होने और मानवीय गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं।’’
प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की शुरुआत में तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब की अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जहां उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह एवं माता साहिब कौर से संबंधित पवित्र ‘जोड़ा साहिब’ (जूतों की एक जोड़ी) के दर्शन भी किए थे। मोदी ने नौ जनवरी, 2022 को घोषणा की थी कि श्री गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की याद में 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।
गुरु गोबिंद सिंह का संघर्ष निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए शनिवार को कहा कि अन्याय और अधर्म के विरुद्ध उनका संघर्ष निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘महान संत एवं धर्मयोद्धा, साहस और त्याग की प्रतिमूर्ति, खालसा पंथ के संस्थापक, दशमेश पिता गुरु श्री गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अन्याय व अधर्म के विरुद्ध आपका संघर्ष और धर्मरक्षा का संदेश संपूर्ण मानवता को सत्य, निष्ठा एवं निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।’’
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कहा, ‘‘सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व की आप सभी को लख-लख बधाइयां।’’ चौधरी ने कहा, ‘‘धर्म, मानवता, समानता और प्रेम-भाईचारे का जो मार्ग उन्होंने दिखाया, उनकी शिक्षाएं और विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले प्रकाश-स्तंभ हैं।’’
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स पर’ पोस्ट कर कहा “समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को सिख धर्म के दशम गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं!” उन्होंने कहा, “यह पावन अवसर हम सभी के जीवन में साहस, सेवा और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा प्रदान करे।”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को सिख धर्म के दशम गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।”
उत्तर प्रदेश सरकार में सिख समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘खालसा पंथ की स्थापना कर अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की राह दिखाने वाले दसवें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।”
औलख ने कहा, “उनका जीवन साहस, त्याग और धर्मरक्षा के लिए समर्पित एक अमर प्रेरणा है।” हर वर्ष पौष माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को गुरु गोबिंद सिंह की जयंती मनाई जाती है। इस अवसर पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ साहिब का आयोजित किया जाता है।
गुरु गोविंद सिंह ने अपने साहिबजादों को देश और धर्म के लिए किया था समर्पित-भजनलाल
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह ने अपने चारों साहिबजादों को देश और धर्म के लिए समर्पित कर दिया। शर्मा वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार रात यहां राजापार्क स्थित श्री गुरू सिंह सभा गुरूद्वारा में माथा टेका तथा देश एवं प्रदेश में शांति और सद्भाव के लिए अरदास की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में जब भी धर्म और संस्कृति की रक्षा की बात आती है ताे गुरु गोविंद सिंह, माता गुजरी कौर और उनके चारों साहिबजादों का नाम गर्व से लिया जाता है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों और माता गुजरी कौर की शहादत को समर्पित विशेष गुरमत समागम में संगत की। श्री शर्मा ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने अपने चारों साहिबजादों को देश और धर्म के लिए समर्पित कर दिया। ऐसा त्याग दुनिया में कहीं नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह के छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने उनके शहादत के दिन को वीर बाल दिवस के रूप में मना कर इस बलिदान को जन-जन के लिए समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने सिख धर्म का पूरा इतिहास त्याग और बलिदान की गाथा से भरा हुआ बताते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने हमारी संस्कृति की रक्षा करते हुए अपना पूरा वंश न्योछावर कर दिया, इसीलिए वे 'सरबंसदानी' कहलाए।
उन्होंने कहा कि जब गुरु साहिबजी के चारों साहिबजादे शहीद हो गए। तब उन्होंने कहा था- 'चार मुए तो क्या हुआ, जीवित कई हजार' यानी चार बेटे बलिदान हो गए तो क्या हुआ, कई हजार बेटे धर्म रक्षा के लिए अभी भी जीवित हैं। उनकी यह उक्ति राष्ट्र और धर्म के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा बन गई है। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गुरु गोविंद सिंह और उनके साहिबजादों की बहादुरी की गाथा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करेगी, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास के लिए भूमि आवंटन को भी मंजूरी दे दी गई है। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु गोविंद सिंह एवं साहिबजादों की तस्वीर भेंट की। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसबीर सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
ये भी पढ़े :
अंकिता भंडारी हत्याकांड : वायरल ऑडियो मामले में पूर्व भाजपा विधायक को नोटिस, पत्नी ने लगाया छवि खराब करने का आरोप
