Moradabad: बादलों की ओट में छिपे सूर्यदेव, ठंडी हवा से बढ़ी गलन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवा के चलते जिले में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को पूरे दिन सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपे रहे, जिससे लोगों को धूप का सहारा नहीं मिल सका। ठंडी हवा के कारण गलन बढ़ गई और जनजीवन प्रभावित होता नजर आया। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, वहीं शाम साढ़े चार बजे के बाद एक बार फिर कोहरा फैलने लगा, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई।

जिले का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवा और नमी के कारण लोगों को ज्यादा सर्दी महसूस हुई। खासकर सुबह और शाम के समय लोग घरों से निकलने में संकोच करते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव जलाए गए। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, जिला अस्पताल परिसर समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव के सहारे ठंड से राहत लेते दिखे। यात्रियों और इंतजार कर रहे लोगों के लिए अलाव ही सबसे बड़ा सहारा बने रहे। वहीं घरों में अंगीठी, हीटर और गर्म कपड़ों का उपयोग बढ़ गया है। बाजारों में भी ऊनी कपड़ों की मांग में इजाफा देखने को मिल रहा है।

कोहरे के कारण यातायात पर भी असर पड़ा। सुबह के समय सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। कुछ स्थानों पर दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। शाम के समय फिर से कोहरा छाने से परेशानी बढ़ गई। हालांकि किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। कोहरे के चलते किसी तरह की सड़क दुर्घटना न हो इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से महानगर के प्रमुख चौराहों पर स्पीकरों के माध्यम से सावधानी से वाहन चलाने का अनाउमेंट किया जा रहा है। 

ठंड का असर सबसे ज्यादा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर देखा जा रहा है। जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर न निकलने और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। वहीं, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरा और ठंडी हवा का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

संबंधित समाचार