2025 में बौद्ध सर्किट बना पर्यटकों का आकर्षण केंद्र, पहुंचे 61 लाख से अधिक पर्यटक

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : यूपी का बौद्ध सर्किट अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बौद्ध पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। पर्यटन विभाग की दूरदर्शी नीतियों और अंतरराष्ट्रीय प्रचार का असर वर्ष 2025 में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। जनवरी से सितंबर 2025 के बीच भगवान बुद्ध से जुड़े प्रदेश के छह प्रमुख स्थलों पर 61.15 लाख से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया, जिनमें 2.71 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को जारी बयान में बताया कि सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु, कौशांबी और संकिसा जैसे पवित्र बौद्ध स्थल लगातार तीसरे वर्ष पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुद्ध की धरती उत्तर प्रदेश अब वैश्विक बौद्ध पर्यटन का हब बन चुका है। वर्ष 2025 के अंत तक पर्यटकों की संख्या 64 लाख के पार जाने का अनुमान है। पर्यटन मंत्री बताया कि कौशांबी में जनवरी से सितंबर 2025 के दौरान 23.19 लाख पर्यटक पहुंचे, जिनमें 2,884 विदेशी सैलानी शामिल रहे। इसी प्रकार महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में सर्वाधिक 18.60 लाख पर्यटक पहुंचे, जिनमें 1.88 लाख विदेशी थे। सारनाथ में 17.75 लाख, कपिलवस्तु में 51,795, श्रावस्ती में 79,245 और संकिसा में 29,577 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।

संबंधित समाचार