UP: नैनीताल हाईवे पर बुरादे से भरा ट्रक पलटा, एक की मौत
रामपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पर रविवार की शाम करीब 4:30 बजे पहाड़ी गेट के निकट लकड़ी के बुरादे से भरा ट्रक मोड़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान उसके निकट से गुजर रही बोलेरो कार दब गई और बोलेरो कार के चालक 55 वर्षीय फिरासत की मौत हो गई। सड़क पर जाम लग गया इस दौरान मौका पाकर ट्रक चालक फरार हो गया।
करीब दो घंटे में पुलिस ने रास्ता साफ कराया। घटना की सूचना मिलने पर थाना गंज और सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक और सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थाना गंज क्षेत्र में पहाड़ी गेट के निकट नैनीताल हाईवे पर बिलासपुर की ओर जा रहा भूसी से भरा ट्रक चौराहे की ओर जा रहा था। चौराहे पर मोड़ने के लिए जैसे ही चालक ने स्टेयरिंग घुमाया तो ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उस समय ट्रक के पास से गुजर रही विद्युत विभाग की बोलेरो कार ट्रक के नीचे दब गई और कार चला रहा तीतर वाली पाखड़ रामपुर निवासी 55 वर्षीय चालक फिरासत उसमें दब गया।
सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइंस और थाना गंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में तीन क्रेन और दो जेसीबी बुला लीं। इस दौरान नगर पालिका की टीम भी पहुंच गई। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और क्षेत्राधिकारी पुलिस जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए और जरूरी दिशा निर्देश दिए। पुलिस ने आनन-फानन में क्रेन से पलटे हुए ट्रक को सीधा कराया और आनन-फानन में ट्रक के नीचे दबी बोलेरो में बैठे चालक को निकाला। बोलेरो में दबकर चालक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना गंज प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि बोलेरो को सीधा कराया गया करीब दो घंटे रेस्क्यू के बाद शाम को 6:30 बजे रास्ता साफ कराया गया और यातायात सुचारू हुआ।
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
पहाड़ी गेट के निकट घटनास्थल पर लोगों की भीड़ गई। सड़क हादसा होने के बाद यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। सोशल मीडिया पर पलटे हुए ट्रक और सड़क पर फैले लकड़ी के बुरादे को उठाती जेसीबी और पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें वायरल हो गईं। जिसने भी मोबाइल पर सड़क हादसे की तस्वीरें देखीं घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा और देखते ही देखते पहाड़ी गेट के आसपास, सड़क को क्रास करने के लिए बनाए गए पुल पर लोगों की भीड़ लग गई।
दो घंटे तक रूट डायवर्जन कराती रही पुलिस
नैनीताल हाईवे पर सड़क हादसा होने के बाद जाम लग गया। नैनीताल हाईवे पर मुरादाबाद और बरेली की ओर से आने वाले वाहन और नैनीताल, रुद्रपुर, बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने जाम बढ़ता देख रूट डायवर्जन कराकर वाहनों को पास कराया। ट्रक पलटने के दौरान बिजली के तार भी टूट गए, जिसके बाद क्षेत्र के बिजली बाधित हो गई। बिजली कर्मचारी देर रात तक तारों को ठीक करते रहे।
पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। मृतक बोलेरो चालक की पहचान फिरासत के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
