UP Board : बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी, गोंडा में 151 स्कूलों को बनाया गया परीक्षा केंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है।  जिले के 151 स्कूलों को इस बार परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर 90 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डा रामचंद्र ने बताया कि आपत्ति निस्तारण के बाद 151 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए इस वर्ष जिले के 127 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इन केंद्रों की अनंतिम सूची करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों से चार दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गयी थीं। इस सूची पर 185 स्कूलों ने आपत्ति दर्ज करायी थी। दर्ज करायी गयी आपत्तियों में अधिकतर स्कूलों का कहना था कि मानक पूरा करने के बावजूद उनके स्कूल को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया।‌

जांच के दौरान उनके मानकों की अनदेखी की गयी। वहां कई स्कूल ऐसे हैं जिके बच्चों का परीक्षा केंद्र उनके स्कूल से अधिक दूरी पर बना दिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में आई आपत्तियों के बाद परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गयी थी। इन आपत्तियों का निस्तारण करते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से अब परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है नई सूची के मुताबिक 151 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

डीआईओएस डा रामचंद्र का कहना है कि इस बार बोर्ड ने विशेष रूप से डिजिटल निगरानी और सुरक्षा पर जोर दिया है, जिस स्कूल में सीसीटीवी और सुरक्षित परिसर नहीं है, उसे प्राथमिकता नहीं दी गई है। हमारी प्राथमिकता केवल यही है कि परीक्षा नकल रहित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो। किसी भी सुविधाहीन या विवादित स्कूल को केंद्र नहीं बनाया गया है।

फैक्ट फाइल
बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे परीक्षार्थियों का विवरण
हाईस्कूल-  50222         इंटरमीडिएट-  44240
बालक-     26099          बालक-         22639
बालिका-   24120          बालिका-       21600
ट्रांसजेंडर-   03                ट्रांसजेंडर-        01

टोटल - 94462 परीक्षार्थी

संबंधित समाचार