सीडी रेश्यो बढ़ाकर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ें : डीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम की अध्यक्षता में हुई डीएलसीसी/डीसीसी की तिमाही बैठक

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में मंगलवार को जिला सलाहकार समिति (डीएलसीसी/डीसीसी) की तिमाही बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वप्रथम बैंकवार ऋण-जमानुपात (सीडी रेश्यो) की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद में सीडी रेश्यो बढ़ाने के लिए सभी बैंकों को निरंतर एवं प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिन बैंकों का सीडी रेश्यो 50 प्रतिशत से कम पाया गया, उनके जोनल मैनेजरों को पत्र प्रेषित करने के निर्देश अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को दिए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों पर बैंक त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। 

जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी प्राप्ति में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। 

औद्योगिक निवेश, एमएसएमई, स्टार्ट-अप, स्वरोजगार योजनाओं एवं प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को और गति देने पर बल दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार