Bareilly: ठंड की चपेट में आ रहे बच्चे...एक दिन में 12 भर्ती होने से खलबली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कड़ाके की ठंड की चपेट में बच्चे आ रहे हैं। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में बीते 24 घंटे में 12 बच्चे भर्ती हुए, जिनमें पांच में विंटर डायरिया और सात में निमोनिया की पुष्टि हुई है। वहीं बाल रोग विभाग की ओपीडी में भी लगातार बच्चों में कोल्ड डायरिया और निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं। डॉक्टर परिजनों को बच्चों को ठंड से बचाव के साथ ही उचित इलाज की सलाह दे रहे हैं।

जिला अस्पताल स्थित बच्चा वार्ड में बीते 24 घंटे में पहुंचे सात बच्चों में गंभीर निमोनिया की पुष्टि होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है। स्टाफ के अनुसार लगातार ठंड बढ़ने से बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों के इलाज संबंधी पर्याप्त दवाएं और संसाधन मौजूद हैं। बच्चों का ठंड से त्वरित बचाव हो सके इसके लिए वार्ड में चार हीटर भी लगवाए गए हैं।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. करमेंद्र के अनुसार बड़ों की तुलना में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है इसके लिए बच्चों में सर्दी, खांसी होना आम है। इन बीमारियों के साथ तेज बुखार हो और पसीना निकले, सांस फूलने लगे, बच्चा रात में सो न सके, सूखी खांसी आए या दस्त होने लगे, उल्टी हो तो बिल्कुल भी देर न करें। डॉक्टर को दिखाएं क्योंकि यह निमोनिया और कोल्ड डायरिया का संकेत है।

 

संबंधित समाचार