सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले 26 को होंगे सम्मानित, जिलाधिकारियों को निर्देश...अभियान चलाकर ब्लैक स्पॉट पर किये जाए सुधार
लखनऊ, अमृत विचार : मंडल के सभी जिलों में चिन्हित 275 ब्लैक स्पॉट्स हर हाल में 15 फरवरी तक सुधार कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाएं। ये निर्देश सोमवार को हुई मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने वाले लोगों को 26 जनवरी को कलेक्ट्रेट में बुलाकर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। कहा कि, ऐसा करने से लोग दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएंगे। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम करने के लिए भी कहा।
स्मार्ट सिटी सभागार में हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में लखनऊ में 75, रायबरेली में 45, सीतापुर में 28, लखीमपुर खीरी में 25, उन्नाव में 33 और हरदोई में 67 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं। इसमें 149 लोक निर्माण विभाग और 122 एनएचएआई के हैं। एक-एक एचनएच पीडब्ल्यूडी और यूपिडा से संबंधित है। इन ब्लैक स्पॉट्स में सुधारात्मक कार्य साइनेज, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यकतानुसार बैरियर लगाने के कार्य किए जाने हैं। मंडलायुक्त ने यातायात विभाग को जनवरी के प्रथम सप्ताह में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ओवर स्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, रांग साइड ड्राइविंग पर प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर लाल बत्ती पर चेकिंग टीम तैनात की जाए। परिवहन विभाग को चालकों-परिचालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण के लिए परिवहन निगम डिपो पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस एवं ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, चालकों एवं परिचालकों के मध्य सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। साथ विभिन्न स्टेक होल्डर के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जाए।बैठक में डीसीपी यातायात, अपर जिलाधिकारी टीजी, अपर नगर आयुक्त, पीडब्लूडी, एनएचएआई, आरटीओ प्रवर्तन व पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एनएचएआई देगा ओवरलोड मालवाहनों की सूची
मंडलायुक्त ने ओवरलोड वाहनों की प्रभावी रोकथाम के लिए एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देश दिए कि टोल प्लाजा पर पकड़े गए ओवरलोड माल वाहनों की सूची परिवहन विभाग को 15 दिनों में नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। सूची मण्डल के सभी जनपदों के संभागीय परिवहन अधिकारियों एआरटीओ एवं आरटीओ को भेजी जाए। जिससे संबंधित अधिकारी नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई कर सकें।
स्कूली वाहनों की फिटनेस और अवैध टैक्सी स्टैंड की होगी जांच
मंडलायुक्त ने स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के लिए परिवहन विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनफिट स्कूलों वाहनों, अवैध रूप से संचालित बसों, व्यावसायिक वाहनों, निजी वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि स्लीपर बसों की डिजाइन एवं सुरक्षा मानकों की जांच और अवैध टैक्सी, बस अड्डों एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ नगर निगम, पुलिस और आरटीओ द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जाए।
ग्रीन कॉरिडोर की इंजीनियर ठीक नहीं
पुलिस उपायुक्त यातायात ने बैठक में कहा कि लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर की इंजीनियरिंग ठीक न होने से जगह-जगह चौराहों पर जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसका परीक्षण करके बदलाव करने की आवश्यकता है। जिस पर मंडलायुक्त ने एलडीए को आवश्यक निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मिले नि:शुल्क इलाज की सुविधा
मंडलायुक्त ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिले। इसके लिए केंद्र सरकार की कैशलेस ट्रीटमेंट योजना का अध्ययन करके इसे लागू करने में होने वाली प्रकिया को आगे बढ़ाया जाए। जिससे इस योजना को शीघ्र लागू किया जा सके।
