UP: जामा मस्जिद से सटे कब्रिस्तान पर बने मिले 22 दुकान व मकान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। संभल में विवादित धार्मिक स्थल जामा मस्जिद के समीप स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर निर्माण की शिकायत पर मंगलवार को प्रशासन ने पैमाइश कराई तो 22 दुकानें व बहुमंजिले मकान बने मिले। कार्रवाई के दौरान आठ थानों की पुलिस के साथ ही भारी संख्या में पीएसी के जवान तैनात रहे। जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने कहा कि नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे जायेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

जामा मस्जिद से सटे कब्रिस्तान पैमाइश के मद्देनजर सुबह से ही रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी और आठ थानों की पुलिसआसपास इलाके में तैनात कर दी गई थी। आसपास के मकानों की छतों पर दूरबीन और वायरलेस सेट से लैस पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध हरकत की तत्काल सूचना अधिकारियों तक पहुंचाई जा सके। संभल सदर कोतवाली क्षेत्र में जामा मस्जिद से सटे गाटा संख्या 32/2 की 4780 वर्ग मीटर भूमि पर स्थित कब्रिस्तान को लेकर अधिवक्ता सुभाष चंद्र त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया ने जमीन की पैमाइश के निर्देश दिये थे।

तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह, तीन नायब तहसीलदार, 22 लेखपाल और चार कानूनगो की मौजूदगी में मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे पैमाइश की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान एएसपी कुलदीप सिंह व सीओ आईपीएस आलोक भाटी मौके पर मौजूद रहे। राजस्व विभाग की टीम ने कब्रिस्तान जामा मस्जिद से सटे छोर से पैमाइश शुरू की। इसके बाद उत्तर दिशा में डाकखाना रोड तक नापतोल की गई तो मुख्य मार्ग के किनारे पर बनी 22 दुकानें व उसके ऊपर बने बहुमंजिले मकान भी कब्रिस्तान की भूमि पर ही बने पाए गये। 

इसके बाद ही इन 22 दुकानों और मकानों की लंबाई-चौड़ाई के साथ गहराई तक की नपाई की गई। प्रत्येक दुकान और मकान का अलग-अलग नक्शा तैयार किया गया। साथ ही वहां रह रहे लोगों से निर्माण व स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों के बारे में भी पूरी जानकारी भी जुटाई गई। करीब दो घंटे तक चली पैमाइश में राजस्व टीम ने जमीन की नाप जोख का पूरा ब्यौरा तैयार कर लिया।

डीएम व एसपी ने भी किया निरीक्षण
जिस समय जामा मस्जिद से सटे कब्रिस्तान की पैमाइश का काम चल रहा था उसी समय जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया व पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारी जामा मस्जिद के पश्चिम दिशा के जीने से चढ़कर कब्रिस्तान की भूमि तक पहुंचे। वहां राजस्व अधिकारियों से पैमाइश का ब्यौरा जानने के बाद दोनों अधिकारी कोतवाली पहुंच गए।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज