Moradabad: तहसील में अधिवक्ता पर हमला, दांत टूटा, मची अफरा-तफरी
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा तहसील परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने एक अधिवक्ता पर हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता का दांत टूट गया और मुंह से खून बहने लगा। अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
कासिम अली एडवोकेट अपने परिचित यासीन वकील के भतीजे के यहां से दावत खाकर कार से स्योहारा रोड की ओर जा रहे थे। नगलिया मस्जिद के पास चार युवक रास्ता रोककर खड़े मिले। आरोप है कि रास्ता मांगने पर युवकों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और हाथापाई पर आमादा हो गए। इस दौरान कासिम अली के भाई के गाल पर थप्पड़ मारकर धमकाया भी। विवाद बढ़ता देख कासिम अली तहसील परिसर स्थित अपने चैम्बर की ओर लौटने लगे।
आरोप है कि युवक गाड़ी का पीछा करते हुए तहसील परिसर तक पहुंच गए। कासिम अली बार रूम में चले गए, जहां आरोपित जबरन घुस आए और लात-घूसों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने कुंदेदार वस्तु से कासिम अली के मुंह पर हमला कर दिया, जिससे उनका दांत टूट गया और खून निकलने लगा। अधिवक्ता के साथ मारपीट कर घायल करने की जानकारी अन्य अधिवक्ताओं को मिली तो वे बार रूम की ओर दौड़े, जिससे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। अधिवक्ताओं ने कासिम अली को आरोपियों से छुड़ाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियाें को पकड़कर थाने ले गई। पीड़ित अधिवक्ता कासिम अली ने थाना ठाकुरद्वारा में तहरीर देकर मौ. फरमान पुत्र सईद अहमद निवासी वार्ड नंबर 15 मछली बाजार, अता वारिस पुत्र यामीन निवासी वार्ड नंबर 3 छहराहा के पास, गुलफाम पुत्र शफीक निवासी मोहल्ला लालबाग तथा फैजान पुत्र रईस निवासी मोहल्ला धोबियान, मस्जिद के पास ठाकुरद्वारा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कोतवाली में पहुंचकर घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की । घटना के बाद अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और उन्होंने तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी । प्रभारी निरीक्षक मनोज परमा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
